वर्ष 2017 में फेसबुक पर सबसे अधिक चर्चित सांसद मोदी, तेंदुलकर रहे

नई दिल्ली, 3 जनवरी (आईएएनएस)। फेसबुक पर साल 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा सदस्य के रूप में और दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर राज्यसभा सदस्य के रूप में सर्वाधिक चर्चित रहे।

फेसबुक ने बुधवार को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी।

सोशल मीडिया साइट फेसबुक ने एक जनवरी, 2017 से 31 दिसंबर, 2017 की अवधि में भारत में सरकारी निकाय, मंत्रालयों और राजनीतिक दलों के शीर्ष फेसबुक पेज के बारे में रिपोर्ट जारी की है।

इस रिपोर्ट में फेसबुक ने भारत की संसद के अधीन शीर्ष स्तरीय सरकारी निकायों, केंद्रीय सरकार, राज्य सरकार और संघ शासित प्रदेशों और राजनीतिक दलों के पेज को अलग-अलग बांटा है।

राज्य सरकार और संघ शासित प्रदेशों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे अधिक चर्चित रहे। इसमें दूसरे स्थान पर राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे रहीं।

राजनीतिक पार्टियों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) फेसबुक पर सबसे अधिक लोकप्रिय पार्टी बनकर उभरी। कांग्रेस इस सूची में तीसरे स्थान पर रही। दूसरा स्थान आम आदमी पार्टी ने हासिल किया।

फेसबुक पर ‘माई गवर्नमेंट इंडिया’ सरकारी पहल के रूप में सबसे अधिक चर्चा में रहा, वहीं सैन्य बलों में भारतीय सेना के बारे में अधिक चर्चा की गई।

शीर्ष निकायों की बात की जाए, तो पीएमओ इंडिया फेसबुक पर सबसे अधिक लोकप्रिय रहा। इसके बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और विदेश मंत्रालय का नंबर रहा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493