वह चकित करने वाली घटना थी : जूही

मुंबई, 21 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री जूही चावला ने जब मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था और खिताब जीता था तब वह 18 साल की थीं। जूही आज 47 साल की है। वह उन दिनों को याद करते हुए कहती हैं कि वह घटना उनके लिए चकित करने वाली थी।

देश के युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए यहां आयोजित एक कार्यक्रम में जूही ने कहा, “मैंने 18 साल की उम्र में मिस इंडिया प्रतियोगिता में भाग लिया था। जब भी मैं पीछे मुड़कर देखती हूं, मैं उस समय के बारे में सोचकर चकित हो जाती हूं। मैं महसूस करती हूं कि मैं कोई भी निर्णय लेने से पहले सोचती नहीं थी। इसलिए जब आप युवावस्था में होते हैं तो इस तरह की घटनाएं अद्भुत होती हैं।”

मिस इंडिया प्रतियोगिता में जूही की जीत के बाद उनके लिए फिल्म उद्योग के दरवाजे खुल गए। जिसके बाद उन्होंने ‘कयामत से कयामत तक’, ‘डर’ और ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी फिल्मों में काम किया।

उन्होंने कहा, “युवावस्था जिंदगी का खूबसूरत दौर होता है, जब उत्साह, जोश होता है। इस उम्र में किसी भी काम में पहले कूद पड़ते हैं, सोचते बाद में हैं। और उम्र बढ़ने पर पहले सोचते हैं। काम में कूदते तो कतई नहीं हैं।”

जूही जल्द ही फिल्म ‘चॉक एन डस्टर’ में नजर आएंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493