विंबलडन, 2 जुलाई (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिकी टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स को उम्मीद है कि ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट विंबलडन के तीसरे दौर के मुकाबले में ब्रिटिश खिलाड़ी हीथर वाटसन को घरेलू दर्शकों के समर्थन का फायदा मिलेगा।
सेरेना ने दूसरे दौर के मुकाबले में बुधवार को हंगरी की टीमिया बाबोस को 6-4, 6-1 से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया, जबकि वाटसन ने स्लोवाकिया की डेनिएला होंटुचोवा को 6-4, 6-2 से मात दी।
दोनों खिलाड़ियों के बीच तीसरे दौर का मुकाबला शुक्रवार को होगा।
वेबसाइट ‘बेलफास्टटेलीग्राफ डॉट को डॉट यूके’ ने गुरुवार को सेरेना के हवाले से कहा, “उसके (वाटसन) के लिए यह काफी फायदेमंद होगा। घरेलू माहौल का उसे कुछ फायदा मिल सकता है। यह हम दोनों के लिए अहम मुकाबला होने वाला है।”
सेरेना ने कहा, “मैं स्थानीय खिलाड़ियों के खिलाफ काफी खेल चुकी हूं और इसकी आदी हो चुकी हैं। ऐसे में इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह कौन सा देश है। उम्मीद है यह अनुभव मेरे लिये मददगार साबित होगा।”
विंबलडन में पांच बार की विजेता सेरेना ने कहा, “मैं उसे अच्छे से नहीं जानती, हां लॉकर रुम में मैंने उसे देखा है। वह हमेशा मुस्कुराती रहती है, जो उसे काफी आकर्षक बनाता है। मुझे पता है कि मेरे लिए यह आसान खेल नहीं होने वाला।”
dharmpath.com dharmpath