नैरोबी, 17 फरवरी (आईएएनएस)। विश्व डोपिंग रोधी संस्था (वाडा) ने रिश्वतखोरी के आरोपी एथलेटिक्स केन्या (एके) के एक अधिकारी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
इस अधिकारी पर डोपिंग के दोषी दो खिलाड़ियों से सजा कम करवाने के लिए रिश्वत लेने का आरोप है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, बीजिंग विश्व चैम्पियनशिप में प्रतिबंधित किए गए दो खिलाड़ियों के खुलासे के बाद अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक महासंघ (आईएएएफ) ने वाडा को यह मामला सौंप दिया।
दोनों खिलाड़ियों ने कहा है कि डोपिंग मामले में फंसने के बाद सजा कम करवाने के लिए उनसे एके के अधिकारियों ने पैसों की मांग की थी।
एके के अध्यक्ष जैक्सन टुवेल ने मंगलवार को कहा है कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी इस्साक म्वांगी को 21 दिनों के लिए पद से हटने को कह दिया गया है।
डोपिंग के अपराध में चार साल के लिए प्रतिबंधित जोएसे जाकारी और फ्रांसेस्का कोकी का कहना है कि म्वांगी ने उनसे प्रतिबंध की सीमा कम करवाने के लिए 24,000 अमेरिकी डॉलर की मांग की थी।
उन्होंने कहा, “हम विश्व रिले चैम्पियनशिप में मिली अपनी विजयी राशि लेने के लिए एके के मुख्यालय गए थे लेकिन वहां म्वांगी ने हमसे प्रतिबंध कम करवाने के लिए पैसों की मांग की थी।”
dharmpath.com dharmpath