मैनचेस्टर, 10 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के मिडफील्डर बास्टियन श्वेनस्टीगर ने क्लब के कुछ असंतुष्ट प्रशंसकों से मैनेजर लुइस वान गाल में भरोसा बनाए रखने की अपील की।
मैनचेस्टर युनाइटेड इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के मौजूदा संस्करण में इस समय चौथे पायदान पर है, लेकिन उनके खेलने के अंदाज से कुछ प्रशंसकों में नाराजगी देखी गई।
युनाइटेड अब तक घरेलू मैदानों पर खेले गए छ मैचों में सिर्फ नौ गोल कर सका है और वान गाल की उनकी शैली के लिए आलोचना हो रही है।
स्पोर्ट्स चैनल ‘स्काईस्पोर्ट्स’ ने मंगलवार को जर्मनी के शीर्ष फुटबाल क्लब बायर्न म्यूनिख से हाल ही में ईपीए चैम्पियन मैनचेस्टर से जुड़े श्वेनस्टीगर के हवाले से कहा, “बात अक्टूबर/नवंबर की नहीं, बल्कि मई की है। मुझे वहां बायर्न म्यूनिख और वान गाल में कई समानताएं नजर आईं।”
श्वेनस्टीगर ने कहा, “अगर आपको याद हो तो म्यूनिख को भी यह समझने में काफी समय लग गया था कि वे कैसी फुटबाल खेलें, लेकिन अंत में हम बुंदेसलीगा जीतने में सफल रहे और चैम्पियंस लीग के फाइनल तक पहुंचे।”
उन्होंने कहा, “मुझे याद है कि बायर्न से जब वह जुड़े तो प्रशंसक शंकित थे, लेकिन अंत में हम दो-दो खिताब जीतने में सफल रहे और वान गाल प्रशंसकों के चहेते बन गए। मुझे पूरा विश्वास है कि वान गाल के मार्गदर्शन में युनाइटेड भी वह सफलता हासिल करेगा।”
dharmpath.com dharmpath