वायुसेना का सी-130 एनडीआरएफ दल के साथ नेपाल रवाना (लीड-1)

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल में आए भीषण भूकंप से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए भारतीय वायुसेना का एक सी-130 जे सुपर हरक्यूलस विमान राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के एक दल और राहत सामग्री के साथ शनिवार को हिंडन एयरबेस से नेपाल के लिए रवाना हो गया।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि भारतीय वायुसेना के विमान सी-130 ने उत्तर प्रदेश के हिंडन एयरबेस से उड़ान भरी।

एनडीआरएफ के दल तथा राहत सामग्री को उतारने के बाद विमान पोखरा में सड़क व संचार व्यवस्था में आई बाधा का हवाई जायजा लेगा।

इस बीच, खबर आई है कि माउंट एवरेस्ट आधार शिविर में भारतीय सेना का पर्वतारोही दल सुरक्षित है।

भारतीय वायु सेना का आईएल-76 विमान शाम छह बजे बठिंडा एयरबेस से एनडीआरएफ के जवानों को लेकर रवाना हुआ।

एक सी-17 ग्लोबमास्टर-3 विमान दिन में बाद में हिंडन से एक मोबाइल चिकित्सा दल, एनडीआरएफ के दलों तथा विशेष उपकरणों के साथ काठमांडू रवाना होगा।

रविवार से काठमांडू में पांच हेलिकॉप्टर, जबकि अन्य पांच हेलिकॉप्टर पोखरा में तैनात होंगे, जो राहत व बचाव कार्य में सहायता करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493