नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल अरुप साहा ने सोमवार को दोहराया कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के एक गांव में मारे गए व्यक्ति के घरवालों को हरसंभव मदद दी जाएगी। इस आदमी का बेटा भारतीय वायुसेना में है।
साहा ने संवाददाताओं से कहा, “हम जो भी मदद चाहिए, दे रहे हैं। हम न केवल उसके (वायुसेना कर्मी से) और उसके परिवार के संपर्क में हैं बल्कि स्थानीय प्रशासन से भी संपर्क बनाए हुए हैं।”
उन्होंने कहा, “सभी ध्यान रखने वाले हैं और उसकी और उसके परिवार की मदद कर रहे हैं। जो भी किया जाना चाहिए, किया जाएगा।”
बिसाड़ा गांव में 28 सितंबर को मोहम्मद अखलाक की भीड़ ने हत्या कर दी थी। उनका बेटा सरताज वायुसेना में कारपोरल है।
यह पूछने पर कि क्या सरताज के परिवार को गांव से हटाया जाएगा, साहा ने कहा, “इस बारे में फैसला उसे करना है। वह जो भी फैसला लेगा, हम उसके हिसाब से काम करेंगे।”
वायुसेना प्रमुख ने शनिवार को कहा था कि वे परिवार को गांव से हटाकर वायुसेना के किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाना चाहते हैं।
dharmpath.com dharmpath