वारंगल संसदीय उपचुनाव के लिए मतदान जारी

हैदराबाद, 21 नवंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना में वारंगल संसदीय सीट के लिए उपचुनाव के तहत शनिवार को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी हैं।

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ। हालांकि शुरुआत में मतदाताओं की कम संख्या मतदान केंद्रों पर नजर आई, लेकिन बाद में इसमें वृद्धि दर्ज की गई।

पहले तीन घंटों में करीब 10 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके थे। मतदान को लेकर शहरी मतदाताओं की तुलना में ग्रामीण मतदाताओं में उत्साह अधिक देखा गया।

इस संसदीय क्षेत्र के लिए हो रहे उपचुनाव के तहत शाम पांच बजे तक मतदान होंगे, जिसके लिए 1,778 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

इस चुनाव में 23 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनके भाग्य का फैसला 15,09,671 मतदाता करेंगे।

निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए समुचित प्रबंध किए हैं। करीब 8,000 चुनाव कर्मियों की तैनाती की गई है। 738 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं।

शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने के लिए अर्धसैनिक बलों सहित 10,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी भंवर लाल ने कहा कि मतदान की प्रक्रिया को वेबकास्टिंग के जरिये 626 मतदान केंद्रों पर देखा जा रहा है। अन्य केंद्रों पर अधिकारियों ने प्रक्रिया को रिकॉर्ड करने के लिए वीडियोग्राफर भी तैनात किए हैं।

तेलगांना विधानसभा के अध्यक्ष मधुसूधन चारी, उप मुख्यमंत्री के. श्रीहरि, कांग्रेस सांसद आर. आनन भास्कर तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) नेता ई. दयाकर राव सहित कई अन्य नेताओं ने भी अपने वोट डाले।

श्रीहरि के राज्य मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद सांसद पद से इस्तीफा दिए जाने के कारण यह सीट रिक्त हुई, जिसके कारण यहां मतदान कराए जा रहे हैं।

इस उपचुनाव में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने पी. दयाकर को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एस. सत्यनारायण और भाजपा ने पी. देवैया को उम्मीदवार बनाया है। सूर्यप्रकाश वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार हैं, जबकि विनोद कुमार वामदलों के संयुक्त उम्मीदवार हैं।

उपचुनाव के मतदान की गणना 24 नवंबर को होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493