वाराणसी : बारिश के कारण प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर संशय

वाराणसी, 28 जून (आईएएनएस)। वाराणसी संसदीय सीट से सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बनारस आगमन और शाम में आयोजित कार्यक्रम को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। बनारस में रविवार भोर से लगातार भारी बारिश हो रही है। जिला प्रशासन के मुताबिक दोपहर बाद ही कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

बनारस में रविवार सुबह से ही रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। शहर के कई हिस्सों और कार्यक्रम स्थल पर भी भारी जलभराव की स्थिति बन गई है।

वाराणसी स्थित डीजल रेल इंजन कारखाना (डीएलडब्ल्यू) के जिस मैदान में प्रधानमंत्री ‘विकास रैली’ को संबोधित करने वाले हैं, वहां वाटर प्रूफ पंडाल लगाया गया है, लेकिन पंडाल छोटा होने के कारण चारों तरफ पानी भर गया है। बारिश की स्थिति को देखते हुए कार्यक्रम बाधित होने और प्रधानमंत्री का आगमन स्थगित होने को लेकर संशय बना हुआ है।

जिलाधिकारी प्रांजल यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय को बारिश और स्थिति की पूरी जानकारी दी गई है। मौसम की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय से उनका संपर्क लगातार बना हुआ है। प्रधानमंत्री के आगमन के बारे में दोपहर बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। हालांकि प्रधानमंत्री की रैली सभा और कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।

लगातार बारिश के बावजूद प्रधानमंत्री की सुरक्षा में जिला प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। सभा स्थल पर बैग व झोला लेकर जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और उसके आस पास के इलाकों में भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को वाराणसी में बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन भी करने वाले हैं। इस दौरान वह वाराणसी को कई योजनाओं का तोहफा भी दे सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493