वाराणसी भगदड़ में मृतकों की संख्या 25 हुई

वाराणसी, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। आध्यात्मिक गुरु दिवंगत जयगुरुदेव की संस्था की ओर से वाराणसी से सटे चंदौली में गंगा किनारे एक गांव में आयोजित समागम के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ में शनिवार को मची भगदड़ में रविवार को मृतकों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। गंभीर रूप से घायल सात लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।

रामनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने आईएएनएस से कहा कि एक घायल ने शनिवार देर रात अस्पताल में दम तोड़ दिया और इसके साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या 25 हो गई है। मृतकों में 20 महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। इस हादसे में शनिवार को 24 लोगों की मौत हो गई थी।

वाराणसी सदर की परगनाधिकारी (एसडीएम) आरेका अखौरी ने आईएएनएस से कहा कि हादसे में अब सिर्फ सात घायल ही अस्पतालों में भर्ती हैं। उन्होंने कहा, “ज्यादातर को मामूली चोटें आई थीं, और उन्हें प्रारंभिक उपचार के बाद शनिवार को ही छुट्टी दे दी गई। गंभीर रूप से घायल नौ लोगों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा था, जिनमें से दो को रविवार को छुट्टी दे दी गई। अब मात्र सात लोगों का इलाज ही अस्पतालों में चल रहा है। इनमें से दो रामनगर के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती हैं, और पांच बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में हैं।”

अखौरी ने कहा कि समागम के आयोजकों ने रविवार को संक्षिप्त में ही अपना कार्यक्रम संपन्न कर लिया, और अब श्रद्धालु अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं। श्रद्धालुओं की भारी संख्या के कारण रविवार को भी वाराणसी शहर में चारों तरफ जाम की स्थिति बनी रही। प्रशासन श्रद्धालुओं के सुरक्षित घर लौटने की सुचारु व्यवस्था में जुटा है।

उल्लेखनीय है कि चंदौली जिले में गंगा किनारे स्थित डोमरी गांव में बाबा जयगुरुदेव की स्मृति में रविवार से दो दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया था। शिविर में हिस्सा लेने देशभर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु वाराणसी पहुंचे थे। ये श्रद्धालु पीली कोठी से होते हुए डोमरी गांव जा रहे थे। इसी दौरान गंगा नदी पर राजघाट पर बने पुल पर अपराह्न् लगभग 1.30 बजे अचानक भीड़ में भगदड़ मच गई, और 25 लोगों की मौत हो गई।

जिला प्रशासन ने हादसे के लिए समागम के आयोजक और जय गुरुदेव के उत्तराधिकारी आचार्य पंकज को जिम्मेदार ठहराया है। जबकि आचार्य पंकज ने दुर्घटना के लिए जिला प्रशासन की विफलता को जिम्मेदार ठहराया है।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वाराणसी के मंडायुक्त की निगरानी में घटना की मजिस्ट्रेट से जांच कराने का आदेश दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493