मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकप्रिय धारावाहिक ‘वारिस’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री फरनाज शेट्टी का एक दृश्य की शूटिंग के दौरान हाथ जल गया। उन्होंने कहा कि घाव अभी ठीक हो रहा है।
धारावाहिक में वह मनु की भूमिका में हैं। असल में वह एक लड़की हैं, लेकिन किन्हीं परिस्थितियों की वजह से उन्हें एक लड़के की तरह रहना पड़ता है। वहीं एक महत्वपूर्ण दृश्य के दौरान उनका हाथ जल जाता है।
फरनाज ने बताया, “जब हम ऐसे महत्वपूर्ण हिस्से की शूटिंग कर रहे थे, जब मनु की असली पहचान सामने आती है। ट्रेक के मुताबिक, आग बुझाने के लिए मुझे पगड़ी का इस्तेमाल करना था, लेकिन शूटिंग के दौरान गलती से मेरा हाथ जल गया।”
उन्होंने कहा कि उनकी त्वचा खुली हुई थी और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।
अभिनेत्री ने कहा, “जला हुआ हाथ ठीक हो रहा है लेकिन मुझे सावधान रहना होगा कि त्वचा किसी कपड़े या किसी अन्य चीज के संपर्क में न आए।”
हादसा उस वक्त हुआ, जब धारावाहिक के मुख्य जोड़े फरनाज और नील मोटवानी आग वाले दृश्य की शूटिग कर रहे थे, जहां आखिरकार राजवीर (नील) को मनु की असली पहचान का पता चलता है।
दृश्य में मनु राजवीर की मां को बचाता है, जो आग लगी झोपड़ी में फंस जाती हैं।
dharmpath.com dharmpath