लंदन, 30 जून (आईएएनएस)। मौजूदा चैम्पियन चेक गणराज्य की पेत्रा क्वितोवा ने मंगलवार को पहले दौर के मुकाबले में नीदरलैंड्स की किकी बर्टेस को मात देकर विंबलडन के महिला एकल वर्ग के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
महिला एकल वर्ग से दूसरे दिन मंगलवार को दूसरे दौर में प्रवेश करने वाली अन्य मुख्य खिलाड़ियों में जर्मनी की एंजेलिक केरबर, पोलैंड की एग्निएज्का रादवांस्का, जापान की कुरुमी नारा और स्पेन की गारबाइन मुगुरुजा शामिल हैं।
कनाडा की टेनिस स्टार यूजनी बुचार्ड हालांकि पहले ही दौर में उलटफेर का शिकार हो गईं। बुचार्ड को चीन की यिंग यिंग डुआन ने एक घंटा 30 मिनट में सीधे सेटों में 7-6(7-3), 6-4 से हराया।
इससे पहले दूसरी वरीय क्वितोवा ने सेंटर कोर्ट में हुए मैच में बर्टेस को एकतरफा मुकाबले में मात्र 36 मिनट में मात दे दी। दो बार कि विजेता क्वितोवा ने बर्टेस को 6-1, 6-0 से हराया।
मैच के बाद क्वितोवा ने कहा, “जीतना अच्छा लगा। मेरे पास अनेकों मधुर यादें हैं। मैं काफी घबराई हुई थी। लेकिन जब मैं कोर्ट पर उतरी और दर्शकों ने तालियों से मेरी हौसलाअफजाई की तो पूरा माहौल अविश्वसनीय हो गया।”
क्वितोवा दूसरे दौर में जापान की कुरुमी नारा से भिड़ेंगी। नारा ने पहले दौर के मैच में पोलैंड की मैग्डा लिनेटे को हराया।
लिनेटे चोटिल होने के कारण रिटायर हुईं। लिनेटे जब रिटायर हुई उस समय स्कोर 3-6, 6-3, 4-3 से नारा के पक्ष में था।
मंगलवार को ही हुए महिला एकल वर्ग के एक अन्य मुकाबले में रादवांस्का ने चेक गणराज्य की लूसी हराडेका को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से मात दे दी। रादवांस्का को जीत हासिल करने में मात्र एक घंटा नौ मिनट लगा।
रादवांस्का अब दूसरे दौर में आस्ट्रेलिया की आज्ला टॉमजैनोविक का सामना करेंगी।
जर्मनी की एंजेलिक केरबर ने कोर्ट-18 पर हुए मैच में हमवतन कारिना विटहोएफ्ट को एकतरफा मुकाबले में करारी मात दी।
केरबर के खिलाफ विटहोएफ्ट एक भी अंक हासिल नहीं कर सकीं। केरबर ने मात्र 45 मिनट में 6-0, 6-0 से जीत हासिल की।
दूसरे दौर में अब केरबर को रूस की एनस्तासिया पावलुचेंकोवा का सामना करना होगा।
स्पेन की मुगुरुजा ने अमेरिकी खिलाड़ी वारवरा लेपचेंको को 6-4, 6-1 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
dharmpath.com dharmpath