लंदन, 30 जून (आईएएनएस)। स्विटजरलैंड और स्पेन के टेनिस स्टार रोजर फेडरर और राफेल नडाल ने वर्ष के तीसरे ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट विंबलडन के दूसरे दिन मंगलवार को विजयी शुरुआत करते हुए पुरुष एकल वर्ग के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
फेडरर को सेंटर कोर्ट पर हुए पहले दौर के मैच में बोस्निया एवं हर्जेगोविना के दामिर जुमहुर को हराने में मात्र 67 मिनट लगे।
फेडरर ने जुमहुर को सीधे सेटों में 6-1, 6-3, 6-3 से मात दी। दूसरी विश्व वरीयता प्राप्त फेडरर ने 26 विनर्स लगाए तथा जुमहुर एकबार भी उनकी सर्विस नहीं तोड़ सके।
फेडरर ने लगातार दूसरे ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में जुमहुर को हराया है। इससे पहले इसी वर्ष हुए फ्रेंच ओपन के तीसरे दौर में भी फेडरर ने जुमहुर को बाहर का रास्ता दिखाया था।
फेडरर अब दूसरे दौर में अमेरिकी सैम क्वेरी से भिड़ेंगे।
कोर्ट-1 पर हुए पुरुष एकल वर्ग के एक अन्य मुकाबले में दो बार विजेता नडाल ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ब्राजील के थॉमस बेलुची को 6-4, 6-2, 6-4 से हराया।
10वें वरीय नडाल ने 21 विनर्स लगाए तथा दो घंटे 10 मिनट में मैच अपने नाम कर लिया।
बेलुची के खिलाफ पांचवें मुकाबले में नडाल की यह पांचवीं जीत है। पिछले वर्ष नडाल विंबलडन के चौथे दौर में 114वीं विश्व वरीयता प्राप्त निक किर्जियोस से हार गए थे।
dharmpath.com dharmpath