विंबलडन : फेडरर, मरे, शारापोवा और सेरेना क्वार्टर फाइनल में पहुंचे (लीड-1)

विंबलडन (इंग्लैंड), 7 जुलाई (आईएएनएस)। सात बार के चैम्पियन स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर, स्थानीय हीरो एंडी मरे, अमेरिका की सेरेना विलियम्स और रूस की मारिया शारापोवा शानदार प्रदर्शन करते हुए साल के तीसरे ग्रैंड स्लैम विंबलडन के एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है।

मौजूदा चैम्पियन सर्बिया के नोवाक जोकोविक और दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन के बीच जारी मुकाबला खराब रोशनी के बीच मंगलवार तक के लिए टाल दिया गया है।

फेडरर ने स्पेन के रोबटरे बाउतिस्ता को 6-2, 6-2, 6-3 से हराते हुए 13वीं बार क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की।

दूसरी वरीय फेडरर का अगले दौर में फ्रांस के गिलीज सिमोन के साथ सामना होगा। सिमोन को फेडरर ने सात में से पांच बार हराया है। सिमोन ने थॉमस बेरडिक को हराकर अंतिम-8 दौर में जगह बनाई है।

तीसरे वरीय मरे ने अपने करियर के 18वें ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल में स्थान पक्का करने के लिए क्रोएशिया के इवो कार्लोविक को 7-6 (7), 6-4, 5-7, 6-4 से हराया। मरे आठवीं बार विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं।

जोकोविक और एंडरसन का मुकाबला जब खराब रोशनी के कारण रोका गया तब वह 6-7 (6), 6-7, 6-1, 6-4 से बराबरी पर थे। अगर शीर्ष वरीय जोकोविक वह यह मैच नहीं बचा पाए तो चौथे दौर में हारने वाले 2001 के बाद पहले शीर्ष वरीय खिलाड़ी बन सकते हैं।

महिला वर्ग में सेरेना और शारापोवा के अलावा स्पेन की गेबिन मुरुगुजा, पोलैंड की एगनिस्का राडवांस्का और बेलारूस की विक्टोरिया एजारेंका भी अंतिम-8 में पहुंचने में सफल रही हैं।

विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी और 20 बार की ग्रैंड स्लैम विजेता सेरेना ने चौथे दौर मे अपनी बहन वीनस विलियम्स को 6-4, 6-3 से हराया। दोनों के बीच यह 26वां मुकाबला था, जिसमें से 15 बार सेरेना विजयी रही हैं।

मुगुरुजा ने पांचवीं वरीय डेनमार्क की कैरोलिन वोजनियास्की को 6-4, 6-4 से हराकर पहली बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

शारापोवा ने 2011 के बाद पहली बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की दिशा में कजाकिस्तान की जरीना दियास को 6-4, 6-4 से हराया।

इसी तरह राडवांस्का ने चौथे दौर में सर्बिया की जेलेना जानकोविक को 7-5, 6-4 से हराया। पूर्व विश्व नम्बर-1 एजारेंका ने अंतिम-8 में स्थान सुरक्षित करने के लिए स्विट्जरलैंड की बेलिंडा बेनकिक को 6-2, 6-3 से पराजित किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493