विंबलडन : शारापोवा पर फिर भारी पड़ीं सेरेना, फाइनल में पहुंचीं

विंबलडन, 9 जुलाई (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिकी टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स ने रूसी सुंदरी मारिया शारापोवा के खिलाफ दबदबा कायम रखते हुए गुरुवार को ग्रासकोर्ट के एक मात्र ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट विंबलडन के महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में मात दे दी।

सेरेना और शारापोवा के बीच यह 20वीं भिड़ंत थी, जिसमें सेरेना ने 17वीं बार बाजी मारी।

ओपन एरा में स्टेफी ग्राफ (22) के बाद सर्वाधिक 20 ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीतने वाली सेरेना ने शारापोवा को मात देने में मात्र एक घंटा 19 मिनट लिए और उन्हें सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से हरा दिया।

पांच बार की चैम्पियन सेरेना ने शारापोवा को मात देकर आठवीं बार विंबलडन के फाइनल में प्रवेश किया, जहां उनका मुकाबला स्पेन की गारबाइन मुगुरुजा से होगा।

सेरेना ने दर्शकों से खचाखच भरे सेंटर कोर्ट में हुए सेमीफाइनल मुकाबले की दमदार शुरुआत की। सेंटर कोर्ट पर सेरेना के दबदबे को इसी से जाना जा सकता है कि उन्होंने दो के मुकाबले 13 एस लगाए और पहली सर्विस पर 29 में से 25 अंक जीत लिए।

सेरेना ने तीन बार शारापोवा की सर्विस ब्रेक की और नौ के मुकाबले 29 विनर्स लगाकर मैच अपने नाम कर लिया। शारापोवा एक बार भी सेरेना की सर्विस नहीं तोड़ पाईं।

सेरेना अब शनिवार को जब मुगुरुजा के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उतरेंगी तो उनके पास करियर का 21वां ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीतने के साथ-साथ लगातार चौथा ग्रैंड स्लैम जीतने का मौका होगा।

गुरुवार को ही महिला एकल वर्ग के एक अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में मुगुरुजा ने 13वीं वरीय पोलैंड की एग्निएज्का रादवांस्का को हराकर करियर में पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में प्रवेश किया।

पिछले वर्ष फ्रेंच ओपन में सेरेना को हराकर चर्चा में आईं मुगुरुजा को अब फाइनल में एकबार फिर सेरेना की चुनौती झेलनी होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493