बम के अफवाह पर जेट एयरवेज विमान का मार्ग बदला

मस्कट/मुंबई, 9 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई-दुबई मार्ग पर जेट एयरवेज की एक उड़ान का मार्ग बदलकर गुरुवार को मस्कट की तरफ कर दिया गया। ऐसा ट्विटर एकाउंट पर बम हमले की चेतावनी मिलने के बाद किया गया। यह बात मुंबई में एक अधिकारी ने कही।

जेट एयरवेज के एक प्रवक्ता ने कहा कि मुंबई से दुबई के लिए दोपहर 12.46 की उड़ान संख्या 9डब्ल्यू 536 में 54 यात्री और चालक दल के सात सदस्य सवार थे।

ट्विटर पर सुरेंद्र प्रताप द्वारा बम हमले की चेतावनी देखे जाने पर जेट एयरवेज ने आनन-फानन में कदम उठाते हुए इसे ओमान में निकटतम हवाईअड्डा मस्कट में दोपहर करीब 2.50 बजे सुरक्षित उतार लिया।

ओमान की सुरक्षा एजेंसी ने विमान, उसमें लदे समस्त सामानों की जांच कर ली है।

अधिकारियों ने बताया कि विमानन कंपनी और हवाईअड्डा अधिकारी उस ट्विटर खाते की भी जांच कर रहे हैं, जिससे उड़ान संख्या और समय के साथ चेतावनी दी गई थी।

विमानन कंपनी ने अपने बयान में कहा, “(विमान से) सभी यात्री और चालक दल के सदस्यों को उतारकर टर्मिनल पर ले जाया गया। ओमान की सुरक्षा एजेंसी विमान, उसमें लदे सभी सामानों की जांच कर रही है।”

बयान में कहा गया है, “यात्रियों को सुविधाएं और नाश्ता उपलब्ध कराया जा रहा है।”

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, विमानन कंपनी के महाप्रबंधक रियाज कुटरी ने कहा, “विमान को हवाईअड्डे पर एक अलग-थलग स्थान पर ले जाया गया और सभी यात्रियों को उतारा गया। अभी विमान मस्कट अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा पर है और फिर से उड़ने के लिए संबंधित अधिकारी से मंजूरी का इंतजार कर रहा है।”

बम की चेतावनी के कारण हवाईअड्डे को 10 मिनट के लिए बंद कर दिया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493