नई दिल्ली, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अर्जन कुमार सीकरी ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि उन्हें अपना अहंकार त्यागर देश के विकास के लिए एकजुट हो जाना चाहिए।
न्यायमूर्ति सीकरी ने यहां फिक्की के 88वें वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए कहा, “अपने अहं को त्यागें और देश के विकास के लिए एकजुट हों जाएं। सभी राजनीतिक दल एकजुट हों और एक न्यूनतम साझा कार्यक्रम बनाएं, जिसमें जीएसटी भी शामिल हो सकता है।”
उन्होंने कहा, “जब दो देशों के बीच विवाद शांत हो सकता है तो देश के अंदर क्यों नहीं।”
न्यायमूर्ति सीकरी ने एक न्यूनतम साझा कार्यक्रम (एमसीपी) की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, राजनीति नेताओं को हरहाल में एकजुट होना चाहिए और देश के विकास के लिए एमसीपी तैयार करना चाहिए, जिसमें जीएसटी विधेयक, सेज (विशेष आर्थिक क्षेत्र) और भूमि अधिग्रहण विधेयक शामिल हो सकते हैं।
न्यायमूर्ति सीकरी का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही लगातार बाधित हो रही है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल दलितों पर अत्याचार और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार के कार्यालय पर सीबीआई के छापे जैसे मुद्दों पर सदन में लगातार हंगामा कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath