विकास में सपा सरकार सबसे आगे : अखिलेश

फैजाबाद, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि वर्तमान समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार ने प्रदेश में विकास के जितने काम किए हैं, उतने काम न तो केंद्र सरकार ने किए हैं और न ही प्रदेश की पिछली सरकारों ने किए थे। अखिलेश ने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि वह तो वर्तमान सरकार के विकास कार्यो का श्रेय भी लेने में जुटी हुई हैं।

फैजाबाद में एक जनसभा में मुख्यमंत्री ने ये बातें कहीं। उन्होंने इस दौरान केंद्र सरकार को चुनौती देते हुए दावा किया कि विकास कार्यो में सपा सबसे आगे है।

अखिलेश यादव ने फैजाबाद-अमेठी के बीच गोमती नदी पर बने पुल का उद्घाटन किया और बाद में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस पुल के शुरू होने के बाद अब लोगों को काफी सहूलियत होगी।

मायावती का नाम लिए बिना मुख्यमंत्री ने जमकर चुटकी ली। उन्होंने कहा, “पिछली सरकार ने पांच वर्षो तक केवल हाथी की मूर्तियां लगवाने का काम किया। हालत यह है कि पार्को में जो हाथी बैठे हैं, वे अभी तक खड़े नहीं हुए और जो खड़े हैं उन्हें अभी तक बैठने का मौका नहीं मिला है।”

उन्होंने कहा, “पत्थरों पर पैसा बहाने बहाने वाले अब कह रहे हैं कि उनकी सरकार बनेगी तो वे भी विकास कार्य करवाएंगे। वे लोग यह नहीं बता रहे हैं कि अपने कार्यकाल के दौरान क्या किया था।”

मुख्यमंत्री ने कहा , “अब वह (मायावती) कह रही हैं कि लखनऊ मेट्रो व आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे उनकी सरकार की देन है। पता नही कहां से कागज निकालकर लाए हैं। दस्तावेज हमको भी दिखा दें तो मेहरबानी होगी।”

मायावती के अलावा केंद्र सरकार पर भी अखिलेश ने जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने लोकसभा के चुनाव में भाजपा को 70 से अधिक सांसद दिए, लेकिन प्रदेश की जनता को कुछ नहीं मिला।

अखिलेश ने कहा, “वो कह रहे हैं कि हम देश को डिजिटल इंडिया बना रहे हैं। लेकिन, सरकार को दाल और चीनी बाहर से मंगवानी पड़ रही है। दाल की कीमतों ने उन्हें बिहार चुनाव में हरा दिया। अब ई-रिक्शा बांटने में लगे हैं। कुछ पेंशन योजनाएं चलाई जा रही हैं जिसका लाभ मरने के बाद ही मिलेगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493