विजयकांत ने एमडीएमके और वाम दलों के साथ किया गठबंधन

चेन्नई, 23 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेता से नेता बने ए. विजयकांत ने बुधवार को घोषणा की कि वाईको की पार्टी एमडीएमके और वाम दलों के साथ मिलकर उनकी पार्टी डीएमडीके तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

‘कैप्टन’ के नाम से मशहूर विजयकांत को कभी भाजपा भी पटाना चाहती थी। लेकिन उनकी पार्टी ने इस गठबंधन में शामिल होकर इसे नया रूप दे दिया है। उन्होंने कहा कि वह पीपुल्स वेल्फेयर अलायंस (पीडब्लूएफ) की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।

एमडीएमके, भाकपा, माकपा और दलित पार्टी वीसीके से बना पीडब्लूएफ अब इस घोषणा के बाद बड़ी ताकत बन कर चुनावी लड़ाई लड़ेगा।

विधानसभा चुनाव में विजयकांत की पार्टी डीएमडीके 124 सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारेगी, जबकि शेष 110 सीटों पर एमडीएमके, वामदलों और वीसीके के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।

गठबंधन के बारे में वाईको ने संवाददाताओं से कहा कि लोग इसी तरह के गठबंधन की तलाश में थे। उन्होंने कहा, “तमिलनाडु में इस बार विधानसभा चुनाव कुरुक्षेत्र की लड़ाई जैसा होगा।”

विजयकांत को मुख्यमंत्री पद केउम्मीदवार बनाने की डीएमडीके कार्यकर्ताओं की मांग पर वाईको ने कहा कि गठबंधन के अन्य दलों के नेता ‘किंग मेकर होंगे’ जबकि विजयकांत ‘किंग’।

गठबंधन में शामिल होने के कारण के बारे में विजयकांत ने कहा कि यह जनता की पार्टी है, इसलिए इसको चुना है।

उन्होंने कहा, “मेरे समर्थक मुझे मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं, जबकि घटक दलों ने मुझे मुख्यमंत्री पद का उम्म्ीदवार बनाया है।”

गठबंधन के अनुसार, अगर यह मोर्चा चुनाव जीतने में सफल होता है, तो तमिलनाडु में गठबंधन की सरकार बनेगी और विजयकांत उसके मुखिया होंगे।

गौरतलब है कि विजयकांत ने एआईएडीएमके और डीएमके के विकल्प के रूप में डीएमडीके का गठन किया था। लेकिन पिछले चुनाव में डीएमके को सत्ता से बाहर करने के लिए उन्होंने अन्नाद्रमुक और अन्य ताकतों के साथ हाथ मिला लिया था।

उधर, डीएमके के नेता एम.के.स्टालिन ने डीएमडीके के इस कदम पर प्रकाश डालते हुए कहा, “इस गठबंधन का हमलोगों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।” डीएमके का कांग्रेस के साथ गठबंधन है।

हालांकि डीएमक के नेता करुणानिधि ने पिछले दिनों कहा था कि विजयकांत की पार्टी भी उनके गठबंधन में शामिल होगी, लेकिन बात नहीं बनी।

भाजपा भी डीएमडीके को पटाना चाहती थी। लेकिन सफल नहीं होने पर बौखलाकर रह गई है। भाजपा नेता पी. राधाकृष्णन ने इस गठबंधन को जनविरोधी तक कह दिया।

इस तरह तमिलनाडु में 234 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में सत्ताधारी एआईएडीएमके को बहुकोणीय मुकाबला का सामना करना होगा, क्योंकि भाजपा और पीएमके भी अलग-अलग चुनाव लड़ रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493