विजयन अगवा कैथोलिक पादरी का मुद्दा मोदी के समक्ष उठाएंगे

तिरुवनंतपुरम, 25 मई (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने गुरुवार को कहा कि यमन में अगवा किए गए केरल के कैथोलिक पादरी टॉम उझून्नालिल का मुद्दा वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष उठाएंगे। टॉम को यमन में किसी अज्ञात स्थान पर रखा गया है।

विजयन राज्य विधानसभा में पूर्व वित्त मंत्री के.एम.मणि की ओर से पेश एक प्रस्ताव का जवाब दे रहे थे। मणि ने आरोप लगाया है कि अगवा पादरी को वापस लाने के लिए राज्य सरकार कुछ नहीं कर रही है।

आक्रोशित मणि ने कहा, “मामले में राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। केंद्र सरकार को केवल पत्र लिखने का कोई मतलब नहीं बनता। यह समय की मांग है कि केंद्र सरकार की तरफ से कार्रवाई हो।”

उन्होंने कहा, “पादरी खुद एक वीडियो में कहते दिखाई दे रहे हैं कि उन्हें बंदी बनाकर रखा जा रहा है, क्योंकि वह भारतीय हैं। हम आपसे (मुख्यमंत्री) अनुरोध करते हैं कि कृपया मुद्दे को प्रधानमंत्री के समक्ष उठाएं।”

मुद्दे का समर्थन करने वाले वरिष्ठ विधायक (निर्दलीय) पी. सी. जॉर्ज ने कहा कि उन्हें छुड़ाने का एक ही तरीका है, अपहर्ता द्वारा मांगी गई फिरौती की रकम का भुगतान करना।

विजयन ने सदन में कहा कि वह केंद्र को तीन पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने कहा, “मैं अब जल्द से जल्द मुद्दे को प्रधानमंत्री के समक्ष व्यक्तिगत तौर पर उठाऊंगा।”

उल्लेखनीय है कि यमन के अदन में मदर टेरेसा द्वारा स्थापित एक वृद्धाश्रम में मार्च 2016 को आतंकवादी दाखिल हुए थे और कई लोगों की हत्या कर दी थी। मृतकों में चार नन मिशनरी ऑफ चैरिटी की थीं, जिनमें से एक भारतीय थीं।

गोलीबारी के बाद आतंकवादियों ने उझून्नालिल को अगवा कर लिया, तब से लेकर अब तक कुछ वीडियो के अलावा उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है।

भारतीय अधिकारियों ने कहा है कि पादरी यमन में इस्लामिक स्टेट (आईएस) के आतंकवादियों के कब्जे में हैं, लेकिन विभिन्न स्तरों पर प्रयासों के बावजूद उनकी रिहाई नहीं हो पाई है।

उझून्नालिल का पैतृक निवास कोट्टायम जिले के रामापुरम में है, जहां फिलहाल ताला लटका है, क्योंकि उनके दो भाई विदेश में रहते हैं, जबकि तीसरा गुजरात में रहता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493