विजय गोयल की केंद्रीय मंत्रिमंडल में दूसरी बार वापसी

नई दिल्ली, 5 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल राज्यसभा में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हैं।

गोयल पहले वर्ष 2001 से 2004 तक केंद्रीय मंत्रिमंडल में रह चुके हैं। मंगलवार को उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में दूसरी बार राज्य मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई।

गोयल को कभी दिवंगत नेता प्रमोद महाजन का लेफ्टिनेंट माना जाता था। जब अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे तब ये प्रधानमंत्री कार्यालय में वर्ष 2001 से 2004 तक मंत्री रहे थे।

गोयल श्रम, संसदीय मामले, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन और युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री भी रह चुके हैं।

वह 11वीं, 12वीं एवं 13वीं लोकसभा में दिल्ली के व्यस्त इलाके चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह वर्ष 2009 में नई दिल्ली क्षेत्र से चुनाव हार गए थे।

62 वर्षीय गोयल भाजपा के हरियाणा और असम जैसे राज्य के प्रभारी महासचिव रहे हैं।

वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्य थे और 1970 के दशक में आपातकाल के दौरान जेल भी जा चुके हैं।

जेल से रिहाई के बाद 1977 में गोयल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के उम्मीदवार के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष बने थे।

इस साल अप्रैल में गोयल इस वजह से खबरों में थे, क्योंकि उन्होंने दिल्ली के ऑड-इवन यातायात नियम का उल्लंघन किया था। अरविंद केजरीवाल सरकार के इस फैसले के विरोध में यातायात के इस नियम का उल्लंघन करने को लेकर उन पर जुर्माना भी लगा था।

राज्यसभा के सदस्य गोयल ने गत 2 जुलाई को दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास के बाहर 400 करोड़ रुपये के कथित टैंकर घोटाले के विरोध में प्रदर्शन किया था और सूचनाओं को दबाने को लेकर केजरीवाल से इस्तीफा देने की मांग की थी।

वर्ष 2013 में भाजपा के तत्कालीन अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने गोयल को दिल्ली विधानसभा चुनाव के पहले दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया था। इस चुनाव के पहले भाजपा वर्ष 1998, 2003 और 2008 में लगातार तीन बार विधानसभा चुनाव हार चुकी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493