कोलम्बो, 10 अगस्त (आईएएनएस)। तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए श्रीलंका दौरे पर आई भारतीय क्रिकेट टीम को 12 अगस्त से गॉल में होने वाले पहले टेस्ट मैच में अपने स्टार सलामी बल्लेबाज मुरली विजय के बगैर ही खेलना होगा।
बीते एक साल में भारत के सबसे सफल टेस्ट बल्लेबाज विजय दाएं हैमस्ट्रींग में तकलीफ के कारण पहले टेस्ट मैच में नहीं खेल सकेंगे। भारतीय टीम के निदेशक रवि शास्त्री ने सोमवार को इस खबर की पुष्टि की।
शास्त्री ने हालांकि कहा कि जिम्बाब्वे दौरे के दौरान सामने आई यह चोट गम्भीर नहीं है। विजय को इसी चोट के कारण एहतियातन श्रीलंका बोर्ड एकादश के साथ हुए अभ्यास मैच के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था।
शास्त्री ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “विजय की चोट अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है। हम किसी तरह का जोखिम नहीं ले सकते। खासतौर पर ऐसे में जबकि गॉल मैदान का आउटफील्ड काफी फिसलन भरा है।”
कर्नाटक के बल्लेबाज केएल राहुल पहले टेस्ट में विजय का स्थान लेंगे। वह शिखर धवन के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। राहुल ने बोर्ड अध्यक्ष एकादश के साथ समाप्त हुए अभ्यास मैच में 40 रनों की दो पारियां खेली थीं।
शास्त्री ने कहा कि विजय का टीम में नहीं होना भारत के लिए बड़ा झटका है क्योंकि वह एक बड़े खिलाड़ी हैं और इन दिनों जबरदस्त फार्म में चल रहे हैं।
विजय ने भारत के लिए बीती 10 पारियों में एक हजार से अधिक रन बनाए हैं। 19 पारियों में उन्होंने तीन शतक और छह अर्धशतक लगाए हैं और उनका औसत 50 से अधिक रहा है।
भारतीय टीम के श्रीलंका रवाना होने से पहले ही विजय की चोट की चर्चा थी लेकिन कप्तान विराट कोहली ने साफ कर दिया था कि विजय की चोट गम्भीर नहीं है और वह अभ्यास मैच से पहले फिट हो जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath