विजय माल्या लंदन में गिरफ्तार, मिली जमानत (लीड-1)

लंदन, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। बैंकों का कर्ज न चुकाने के आरोप में भारत में वांछित भगोड़े कारोबारी विजय माल्या को मंगलवार को लंदन में गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि कुछ ही घंटों बाद एक स्थानीय अदालत ने उन्हें जमानत दे दी।

लंदन की महानगर पुलिस ने बताया कि 61 वर्षीय माल्या को मध्य लंदन के एक पुलिस थाने ले जाया गया, जहां उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

हालांकि वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट की अदालत ने माल्या को 650,000 पाउंड के मुचलके पर जमानत दे दी। मामले में अगली सुनवाई 17 मई को होगी।

मेट्रोपोलिटन पुलिस ने एक बयान में कहा है कि प्रत्यर्पण विभाग के अधिकारियों ने भारत से प्रत्यर्पण वारंट मिलने के बाद माल्या को हिरासत में लिया था।

बयान में कहा गया है, “माल्या को भ्रष्टाचार से संबंधित आरोपों के संबंध में भारतीय अधिकारियों के अनुरोध पर गिरफ्तार किया गया था।”

जमानत पर रिहा होने के बाद माल्या ने ट्वीट किया, “हमेशा की तरह भारतीय मीडिया में शोर-शराबा जारी। उम्मीद के मुताबिक प्रत्यर्पण पर अदालती सुनवाई शुरू।”

भारतीय बैंकों द्वारा माल्या की कंपनी किंगफिशर एयरलाइंस को दिए गए 8,191 करोड़ रुपये का कर्ज उगाहने को लेकर भारतीय अदालत में याचिका दायर करने के बाद माल्या पिछले वर्ष मई में ब्रिटेन भाग गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493