नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया (एचआई) ने सोमवार को संपन्न हुए अपने पांचवें महासम्मेलन में पूर्व अध्यक्ष विद्या स्टोक्स को एचआई का आजन्म अध्यक्ष नियुक्त किया।
स्टोक्स इस समय हिमाचल प्रदेश में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री हैं और एचआई के संविधान की नियम संख्या 5.14 के तहत इस पद पर उनकी नियुक्ति की गई है।
एचआई द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आजन्म अध्यक्ष एचआई में एक मानद पद है और इस पद पर नियुक्त व्यक्ति के पास किसी तरह की शक्ति नहीं होती। मतलब स्टोक्स एचआई में सलाहकार की भूमिका निभा सकती हैं। वह एचआई की कार्यकारी बोर्ड की बैठकों और महासम्मेलनों में अतिथि के तौर पर हिस्सा ले सकती हैं।
एचआई के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने कहा, “भारतीय हॉकी में स्टोक्स का योगदान बेहद अहम है, जिसे हम पिछले कई वर्षो से देखते आ रहे हैं। एचआई के आजन्म अध्यक्ष पद के लिए उनसे बेहतर कोई नहीं हो सकता था। सभी उनकी प्रशासनिक योग्यता से भली-भांति परिचित हैं और हमने एचआई के पांचवें महासम्मेलन में उन्हें आजन्म अध्यक्ष नामांकित किया, इसकी हमें बेहद खुशी है।”
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की 1970 से सदस्य स्टोक्स लंबे समय से हॉकी से जुड़ी रही हैं। वह भंग हो चुकी भारतीय महिला हॉकी संघ की 1984, 1988 और 2003 में अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
वह इस समय हॉकी हिमाचल की भी अध्यक्ष हैं। वह 2009 में एचआई की अध्यक्ष चुनी गई थीं।
dharmpath.com dharmpath