विधानसभा चुनाव बिहार की उम्मीदों का चुनाव : शाहनवाज हुसैन

पटना, 11 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने यहां शुक्रवार को एक निजी समाचार चैनल के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में शिक्षा का स्तर लालू के शासनकाल से नीतीश के शासनकाल में और गिर गई है। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा का चुनाव बिहार की उम्मीदों का चुनाव है।

बिहार सरकार की चर्चित ‘मुख्यमंत्री साइकिल योजना’ पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “एक ओर जहां दुनिया मंगलग्रह और रॉकेट की बात कर रही है वहीं मुख्यमंत्री आज भी स्कूली छात्रों को साइकिल देकर विकास का दावा कर रहे हैं।”

हुसैन ने कहा कि आज सरकारी स्कूल में कितने बच्चे जा रहे हैं। क्या आज बिहार के बच्चे कोटा या अन्य स्थानों में शिक्षा ग्रहण करने नहीं जा रहे हैं?

उन्होंने कहा, “शिक्षा का स्तर लालू जी के समय में जो था आज हालत उससे भी ज्यादा गिर गई है।”

बिहार में गिरती विधि-व्यवस्था की हालत पर चिन्ता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि केवल पटना की हालत को देखकर पूरे बिहार की स्थिति का आकलन नहीं किया जा सकता है। बिहार के कई हिस्सों में लोग आज शाम होते घरों में कैद हो जाते हैं।

हुसैन ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि चुनाव के समय बहुत लोगों को बहुत सी चीजें याद आती हैं। भाजपा का चुनावी मुद्दा विकास है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493