नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। मंत्री पद से बर्खास्त किए जा चुके आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व नेता कपिल मिश्रा के साथ बुधवार को दिल्ली विधानसभा में धक्का-मुक्की की गई।
मंत्रिमंडल और पार्टी से निकाले जाने के बाद बीते कई सप्ताह से लगातार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अन्य मंत्रियों पर तरह-तरह के आरोप लगा रहे कपिल के साथ विधानसभा में आप नेताओं ने धक्का-मुक्की की।
मिश्रा ने विधानसभा के अंदर एक बैनर लहराया और दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार पर चर्चा के लिए रामलीला मैदान में विधानसभा का मुक्ताकाश सत्र बुलाए जाने की मांग की।
विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने मिश्रा को चेतावनी दी, लेकिन मिश्रा नहीं रुके। गोयल ने बाद में मार्शलों को मिश्रा को विधानसभा से बाहर ले जाने का आदेश दे दिया।
इससे पहले कि मार्शल मिश्रा तक पहुंच पाते, आप के तीन-चार नेता उनसे उलझ पड़े।
मिश्रा ने विधानसभा से बाहर पत्रकारों से कहा, “इससे पहले कि मार्शल मुझे बाहर करते, मदनलाल, जरनैल सिंह और कुछ अन्य सदस्यों ने मुझ पर हमला कर दिया।”
बीते कई सप्ताह से मिश्रा ने दिल्ली सरकार, केजरीवाल और दिल्ली सरकार में कई अन्य मंत्रियों के खिलाफ मोर्चा खोला रखा है।
dharmpath.com dharmpath