नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जाने-माने बॉलीवुड अभिनेता व राजनेता विनोद खन्ना को श्रद्धांजलि देने की अगुवाई की। खन्ना का लंबी बीमारी के बाद मुंबई के अस्पताल में निधन हो गया।
भाजपा सांसद विनोद खन्ना (70) कैंसर से जूझ रहे थे। वह एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे। खन्ना का गुरुवार को निधन हो गया। उनके निधन पर लाखों प्रशंसकों व राजनेताओं ने दुख जताया।
मोदी ने ट्वीट किया, “विनोद खन्ना को एक लोकप्रिय अभिनेता, समर्पित नेता और एक बेहतरीन इंसान के रूप में हमेशा याद रखेंगे। उनके निधन से दुखी हूं।”
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने विनोद खन्ना को बेहद प्रतिभाशाली, प्रशंसित अभिनेता और सांसद बताया और अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।
खन्ना के निधन पर दुख व्यक्त करने वाले नेताओं में गृहमंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह व महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस शामिल हैं।
फड़नवीस ने ट्वीट किया, “भारतीय सिनेमा के महानतम दिग्गजों में से एक के निधन की खबर से दुखी हूं।”
शाह ने कहा कि राष्ट्र ने न सिर्फ एक अभिनेता खो दिया बल्कि एक बेहतरीन राजनेता भी खो दिया। उन्होंने कहा कि उनकी मौत भारतीय सिनेमा और भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है।
राजनाथ सिंह ने कहा, “विनोद खन्ना का फिल्मों और राजनीति में शानदार करियर रहा। उन्होंने लाखों भारतीयों के दिल में खास जगह बनाई।”
राजस्थान की मुक्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा, “दिग्गज अभिनेता और नेता के परिवार व प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।”
केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने “हुतात्मा की शांति की कामना की और उनके परिवार के प्रति सांत्वना प्रकट की।”
इसके अलावा केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, “खन्ना एक बहुमुखी फिल्मी शख्सियत और बेहतरीन इंसान रहे, उनके निधन से दुखी हूं।”
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा, “उनके निधन के समाचार से दुखी हूं।”
dharmpath.com dharmpath