विपक्ष ने एलपीजी कीमत में वृद्धि वापस लेने की मांग की

नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। विपक्षी दलों ने मंगलवार को केंद्र सरकार से सब्सिडी वाले गैस सिलेंडरों की कीमत में हर महीने चार रुपये की वृद्धि का फैसला वापस लिए जाने की मांग की।

कांग्रेस सदस्य के.सी. वेणुगोपाल ने शून्यकाल में मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार रसोई गैस पर सब्सिडी हटाने की दिशा में काम कर रही है, जिससे देश के आम आदमी पर प्रभाव पड़ेगा।

वेणुगोपाल ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम हो रही हैं। फिर उनके पास गैस सब्सिडी समाप्त करने का क्या औचित्य है? सरकार को अपना फैसला तत्काल वापस लेना चाहिए।”

तृणमूल कांग्रेस के नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा, “हम इसका विरोध करते हैं। यह गैर-कल्याणकारी है और इस फैसले को तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।”

मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सांसद पी.के. श्रीमति टीचर ने कहा कि कीमत में बढ़ोतरी के कारण गरीब परिवार एलपीजी नहीं ले पाएंगे।

केंद्र ने अगले साल मार्च तक रसोई गैस पर सब्सिडी समाप्त करने के लिए सोमवार को सरकारी तेल कंपनियों को सब्सिडी वाली रसोई गैस की कीमतें बढ़ाने को कहा था।

इस मुद्दे को उठाने के बाद विपक्षी सदस्यों ने सरकार से जवाब मांगा।

सदन में मौजूद संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने विपक्ष के प्रश्नों के जवाब नहीं दिए।

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने विपक्षी सदस्यों से कहा कि वह सरकार को जवाब देने के लिए बाध्य नहीं कर सकतीं।

विपक्षी सदस्य इसके विरोध में सदन से बहिर्गमन कर गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493