वाशिंगटन, 18 नवंबर (आईएएनएस)। ब्रिटिश एयरवेज की बोस्टन के लिए एक उड़ान के बीच विमान का निकास द्वार खोलने की कोशिश कर रही एक महिला को विमान के बोस्टन पहुंचने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के मुताबिक, मैसाचुसेट्सपुलिस की जांच में साबित हुआ है कि वह 30 वर्षीया महिला नशे में थी।
पुलिस के मुताबिक, इस समय तक घटना का आतंकवाद से कोई संबंध ज्ञात नहीं हुआ है।
पुलिस ने कहा कि ब्रिटिश एयरवेज द्वारा जानकारी दी गई कि महिला को उड़ान संख्या 213 के कॉकपिट में प्रवेश से रोका गया था।
हालांकि पुलिस ने तत्काल ही अपने कथन में सुधार करते हुए कहा कि संदिग्ध ने विमान का कॉकपिट नहीं निकास द्वार खोलने की कोशिश की थी।
लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से स्थानीय समयानुसार सुबह 6.57 पर विमान ने उड़ान भरी और तय समय से आधा घंटा पूर्व अपराह्न् 1.30 बजे बोस्टन के लोगन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा।
पुलिस ने कहा कि विमान में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने महिला यात्री को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, संभावना है कि उस पर कम से कम चालक दल के साथ हस्तक्षेप का आरोप लगाया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath