पेरिस, 18 नवंबर (आईएएनएस)। फ्रांस की राजधानी पेरिस में 13 नवम्बर को हुए हमलों के बाद सुरक्षा को लेकर उठे सवालों के बाद भारतीय मूल के एक अमेरिकी रैपर हिमांशु सूरी ने पेरिस में प्रस्तुति दी।
अपने प्रशंसकों की ट्विटर पर जताई गई आपत्तियों के बावजूद पेरिस के साइलेंसियो नाइट क्लब में मंगलवार रात को सूरी ने प्रस्तुति दी। इससे पहले अमेरिका की वाइस पत्रिका में पेरिस में कंसर्ट के अपने फैसले के बारे में सूरी ने लिखा।
हीम्स नाम से मशहूर रैपर ने अपने लेख में लिखा, “मुझे संगीत की शक्ति में विश्वास है। एक भयानक दुनिया में मुश्किल समय से पार पाने के लिए संगीत एक ऐसा हथियार है जो धर्म से अलग नहीं है। शायद इस बार मैंने हमलों को ज्यादा निजी तौर पर लिया है।”
हीम्स ने अमेरिका के 9/11 हमलों और मुंबई हमलों की भी बात की।
हीम्स ने लिखा, “मैं भी एक अश्वेत हूं। मेरी पहचान हिंदू, सिख और सूफी है। मैं लंबे कपड़े पहनता हूं। तत्काल ही मुझे महसूस हुआ कि मैं इन घटनाओं और उनके नस्लीय नतीजों का पीड़ित हूं।”
आज मैंने पेरिस में प्रस्तुति दी क्योंकि मैं आशावाद और शांति के आलोक में विश्वास रखता हूं। अगर मैं अपनी कला के जरिए कुछ कर सकता तो मैं यही कहता कि हम बिल्कुल तुम जैसे ही हैं।
इसी बीच कई अन्य अंतर्राष्ट्रीय संगीत ब्रांड्स ने हमलों के बाद अत्यंत सुरक्षा के मद्देनजर फ्रांस में अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए।
dharmpath.com dharmpath