विमान का मार्ग बदलने के बाद यात्री नेवार्क के रास्ते में : मंत्री

नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि कजाकिस्तान की तरफ मोड़ा गया एयर इंडिया का एक यात्री विमान अपने मूल गंतव्य अमेरिका के नेवार्क के रास्ते में है।

सिन्हा ने एक ट्वीट में कहा कि सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है।

जयंत ने यह ट्वीट कांग्रेस नेता शशि थरूर के ट्वीट के जवाब में किया। थरूर ने ट्वीट में यात्रियों के परिजनों की चिंता जाहिर की थी।

सिन्हा ने कहा, “हम स्थिति पर बराबर नजर बनाए हुए हैं। भारतीय मानक समय के अनुसार विमान ने तड़के 1.30 बजे नेवार्क के लिए उड़ान भरी।”

इससे पहले थरूर ने ट्वीट कर कहा था कि यात्रियों के संबंधी आपसे स्थिति की जानकारी चाहते हैं। उन्हें बिना देर किए जानकारी दें।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने गुरुवार को कहा था कि एयर इंडिया के यात्री सुरक्षित हैं और चिंता करने की कोई वजह नहीं है।

उड़ान संख्या एआई-191 ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ान भरी थी। जिसे संचालन संबंधी कारणों से कजाकिस्तान की ओर मोड़ दिया गया था, जहां यह विमान सुरक्षित तरीके से गुरुवार को उतर गया था।

स्वराज ने उस समय कहा था कि एक राहत विमान सभी यात्रियों को आगे की यात्रा पर ले जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493