नई दिल्ली, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। नवगठित नेशनल फ्रीडम पार्टी के प्रवर्तक विवेकानन्द फाउंडेशन को सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे का नैतिक समर्थन मिल गया है। हजारे ने फाउंडेशन को आश्वास्त किया है कि उनका संगठन इंडिया अंगेस्ट करप्शन विवेकानन्द फाउंडेशन के भ्रष्टाचार रोधी अभियान को पूरा समर्थन देगा।
अन्ना ने स्पष्ट किया है कि वह राजनीतिक दल के साथ नहीं आएंगे, लेकिन फाउंडेशन को उनका पूरा आशीर्वाद है। अन्ना के गांव रालेगण सिद्घि में विवेकानन्द फाउंडेशन के प्रबंध ट्रस्टी अमलान विश्वास ने गुरुवार को अन्ना से मुलाकात कर उन्हें फाउंडेशन के अभियान तथा उसकी ओर से गठित नेशनल फ्रीडम पार्टी की नीतियों की जानकारी दी और उनसे पार्टी में शामिल होने का आग्रह किया, लेकिन अन्ना ने विनम्रतापूर्वक राजनीतिक दल में आने से इनकार कर दिया।
विश्वास ने कहा कि अन्ना से मुलाकात के दौरान फाउंडेशन की अबतक की गतिविधियों के साथ ही उसके कामकाज की जानकारी दी। अन्ना ने भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के लिए फाउंडेशन की सराहना की और कहा कि फाउंडेशन के साथ मिलकर उनका इंडिया अंगेस्ट करप्शन काम करेगा। अन्ना ने नवगठित पार्टी के बेहतर भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि भारत से भ्रष्टाचार खत्म करने में यह पार्टी अहम भूमिका निभाए।
dharmpath.com dharmpath