विवेक ओबरॉय ने पूर्व मंत्री रवि को श्रद्धांजलि दी

हैदराबाद, 25 जनवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबरॉय ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले का दौरा किया और पूर्व मंत्री परितला रवि को श्रद्धांजलि अर्पित की। राम गोपाल वर्मा की 2010 में आई फिल्म ‘रक्त चरित्र’ में विवेक ओबेरॉय ने परितला रवि का किरदार निभाया था।

विवेक ओबरॉय ने परितला घाट का दौरा किया और तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के नेता को पुष्पांजलि अर्पित की। अनंतपुर में 2005 में परितला के प्रतिद्वंद्वियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी।

इस दौरान वह रवि की पत्नी और आंध्र प्रदेश की नागरिक आपूर्ति मंत्री परितला सुनीता और बेटे परितला श्रीराम से भी मिले।

अभिनेता विवेक ने संवाददाताओं से कहा, “मैं यहां दूसरी बार आया हूं। मैं कुछ साल पहले भी यहां आया था। इस बार का दौरा और भी भावनात्मक रहा। इस अद्भुत समारोह का हिस्सा बनकर मैं बहुत ही सम्मानित महसूस कर रहा हूं।”

उन्होंने कहा कि अब उन्हें अनंतपुर का निवासी माना जाना चाहिए। उन्होंने इस दौरान जिले के एक गांव को गोद लेने की भी घोषणा की।

परितला रवि को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विवेक ने कहा कि उन्होंने जिले के विकास और गरीबों के कल्याण के लिए कड़ी मेहनत की।

आंध्र प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कोडेला शिवप्रसाद और टीडीपी के अन्य नेताओं ने भी परितला रवि को श्रद्धांजलि अर्पित की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493