विशाखापट्टनम, 23 जून (आईएएनएस)। विशाखापट्टनम अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से 63 किलोग्राम सोना जब्त किया गया है। इस जब्ती से तस्कर समूहों द्वारा सोने की तस्करी के एक नए तरीके का पता चला है। दरअसल, ये तस्कर उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक सामानों में सोना छुपाकर लाते थे।
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सोमवार तड़के मलेशिया और सिंगापुर से आ रहे 56 यात्रियों के पास से 16.85 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया है।
डीआरआई अधिकारियों का कहना है कि चेन्नई स्थित यह गिरोह उपभोक्ता सामानों में सोना छुपाकर इसकी तस्करी करता था।
इन्हें इस तरह छुपाया जाता था कि सीमा शुल्क अधिकारी सामानों की सामान्य एक्स-रे जांच में भी इसका पता नहीं लगा सकते।
डीआरआई द्वारा की गई जांच से पता चला कि ये तस्कर चेन्नई हवाईअड्डे से मलेशिया और सिंगापुर जाते थे और म्यूजिक सिस्टम, एंप्लीफायर, छोटी वाशिंग मशीनों, इलेक्ट्रिक ओवन, इंडक्शन स्टोव और टेलीविजन जैसे सामानों में सोना छुपाकर वापस हवाईअड्डे लौटते थे।
यह भी पाया गया है कि डीआरआई की चेन्नई क्षेत्रीय इकाई ने विशाखापट्टनम, हैदराबाद की डीआरआई इकाई और सीमाशुल्क आयुक्तालय के साथ मिलकर एक बड़ा अभियान चलाया, जो रविवार रात शुरू हुआ और सोमवार शाम तक चला।
इस अभियान के तहत तीन अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों -एयर एशिया 83, मैलिंडो 251 और सिल्क एयर एमआई442- से तस्करी कर लाए गए 63 किलोग्राम सोना जब्त किया गया।
अधिकारियों ने रविवार देर रात विमानों से उतरे तीनों संदिग्धों को पहचान लिया। उनके सामानों की तलाशी ली गई।
dharmpath.com dharmpath