दुबई, 3 मई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या और विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 मई को लॉर्डस मैदान पर होने वाले अंतर्राष्ट्रीय चैरिटी टी-20 मैच में विश्व एकादश टीम की ओर से खेलेंगे।
चैरिटी मैच का समर्थन कर रहे गाइल्स क्लार्क ने इन दो भारतीय खिलाड़ियों का विश्व एकादश टीम में स्वागत किया है। दोनों खिलाड़ी अभी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपनी-अपनी टीम की तरफ से खेल रहे हैं।
क्लार्क ने कहा, “दर्शकों के लिए यह एक शानदार मौका होगा कि वे बाहर निकलें और दो शानदार खिलाड़ियों को खेलते देखें। मुझे पूरा विश्वास है कि लॉर्ड्स में होने वाला मैच एक यादगार मैच होगा।”
उन्होंने कहा, “लोगों को याद होगा कि पांड्या ने पिछले साल आईसीसी चैम्पियंस ट्राफी के फाइनल में लॉर्डस मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ 43 गेंदों पर 76 रन की शानदार पारी खेली थी। कार्तिक भी लॉर्ड्स में टेस्ट मैच खेल चुके हैं।”
अफगानिस्तान के युवा लेग स्पिनर राशिद खान, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी व शोएब मलिक, श्रीलंका के थिसारा परेरा और बंगलादेश के शाकिब अल हसन तथा तमीम इकबाल पहले ही इसमें भाग लेने की पुष्टि कर चुके हैं।
इंग्लैंड के सीमित ओवरों के कप्तान इयोन मोर्गन टीम का नेतृत्व करेंगे। यह चैरिटी मैच अंतर्राष्ट्रीय स्तर का होगा। टीम के बाकी अन्य सदस्यों की घोषणा अगले कुछ दिनों में की जाएगी।
विश्व एकादश के खिलाफ होने वाले मैच के लिए वेस्टइंडीज टीम की कमान कार्लोस ब्रैथवेट के हाथों में होगी। विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल, मार्लोन सैमुअल्स, सैमुअल बद्री और आंद्रे रसेल भी टीम का हिस्सा होंगे।
इस मैच के आयोजन का मकसद एंगुइला के रोलैंड वेबस्टर पार्क, एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्डस स्टेडियम और डोमिनिका के विंस्डर पार्क स्टेडियम के पुनर्निर्माण के लिए फंड जुटाना है। यह सभी स्टेडियम इरमा और मारिया तूफानों में क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
dharmpath.com dharmpath