मप्र : मंडला में आदिवासी युवती के निकाह पर डीएम को नोटिस

भोपाल/मंडला 3 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मंडला जिले में एक आदिवासी युवती का धर्म परिवर्तन कराकर मुस्लिम युवक से निकाह कराए जाने के मामले को राष्ट्रीय जनजाति आयोग ने गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मंडला को नोटिस जारी किया है। साथ ही इस संदर्भ में विस्तृत ब्यौरा भी मांगा है।

आयोग की उपाध्यक्ष अनुसुइया उइके ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि मंडला में आदि उत्सव के दौरान हुए सामूहिक विवाह कार्यक्रम में एक आदिवासी युवती का मुस्लिम युवक से निकाह कराए जाने का मामला संज्ञान में आया। इसे गंभीरता से लिया गया और जिलाधिकारी सूफिया फारुखी को नोटिस जारी कर ब्यौरा मांगा गया है कि आखिर ऐसा कैसे हो गया।

सूफिया फारुखी से आईएएनएस ने कई दफा संपर्क करने की कोशिश की, मगर वे फोन पर उपलब्ध नहीं हुईं।

मंडला में हुए पंचायती राज दिवस कार्यक्रम और आदि उत्सव में 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए थे। इतना ही नहीं, आदिवासी युवती का धर्म परिवर्तन कराकर मुस्लिम युवक से निकाह कराए जाने के बाद नवदंपति को आर्शीवाद देने वालों में भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते सहित कई अन्य नेता भी थे। आदिवासी युवती का निकाह कराए जाने पर विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य हिंदूवादी संगठन अपना विरोध दर्ज करा चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493