विश्व एथलेटिक्स : 10 हजार मीटर का ताज बचाने में सफल रहे फाराह (लीड-1)

बीजिंग, 22 अगस्त (आईएएनएस)। मौजूदा ओलम्पिक और विश्व चैम्पियन ब्रिटेन के मो फाराह ने शनिवार को विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 10 हजार मीटर के अपने विश्व खिताब की रक्षा कर ली है।

ऐतिहासिक बर्ड्स नेट्स स्टेडियम के ट्रैक पर फाराह ने केन्या के ज्योफ्री किपसांग कैमोरूर से मिली जोरदार चुनौती को पार करते हुए 27 मिनट 1.13 सेकेंड समय के साथ पहला स्थान हासिल किया।

किपसांग ने 27 मिनट 1.76 सेकेंड समय के साथ रजत जीता जबकि उनके ही देश के पॉल तेनुई ने 27 मिनट 2.83 सेकेंड के साथ कांस्य हासिल किया।

फाराह ने मास्को विश्व चैम्पियनशिप-2013 में स्वर्ण जीता था। फाराह ने 27 मिनट 21.71 सेकेंड के सत्र के सबसे अच्छे समय के साथ पहला स्थान हासिल किया था।

मास्को में इथियोपिया के इब्राहिम जेलान दूसरे स्थान पर रहे थे। जेलान ने भी 27 मिनट 22.23 सेकेंड का सत्र का अपना सबसे अच्छा समय निकाला था लेकिन जेलान बीजिंग नहीं पहुंचे हैं।

विश्व चैम्पियनशिप के बीते संस्करण में भी तेनुई ने कांस्य जीता था। तेनुई ने 27 मिनट 22.61 सेकेंड समय के साथ तीसरा स्थान पाया था।

इस साल भी तेनुई अपने पदक का रंग बदलने के लिए बीजिंग पहुंचे और जेलान की अनुपस्थिति में उनके पदक का रंग बदलने की उम्मीद भी थी लेकिन किपसांग ने खुद को बेहतर साबित करते हुए तेनुई से यह मौका छीन लिया।

बीजिंग में 10 हजार मीटर खिताब के लिए दौड़ में शामिल 27 धावकों में से सिर्फ तीन ही ऐसे थे, जिन्होंने इस सत्र में 26 मिनट के आसपास का समय निकाला है। खास बात यह है कि तीनो ही पोडियम साझा करने में सफल रहे।

अब फाराह के सामने 5000 मीटर के खिताब की रक्षा चुनौती है। फाराह ने लंदन ओलम्पिक में भी 5000 और 10 हजार मीटर का स्वर्ण जीता था और इसके बाद आयोजित मास्को विश्व चैम्पियनशिप में वह दोनों स्पधाओं का स्वर्ण जीतकर खुद को इतिहास पुरुष बनाने में सफल रहे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493