विश्व कप : अमला, प्लेसिस का शतक, द. अफ्रीका ने बनाए 411 रन (लीड-1)

कैनबरा, 3 मार्च (आईएएनएस)। हाशिम अमला (159) और फाफ दू प्लेसिस (109) के शानदार शतकों की बदौलत द. अफ्रीका ने मंगलवार को मानुका ओवल मैदान पर जारी आईसीसी विश्व कप-2015 के पूल-बी मुकाबले में आयरलैंड के सामने 412 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है।

अमला और प्लेसिस ने 12 रन पर क्विंटन दे कॉक (4) का विकेट गिरने के बाद 247 रनों की साझेदारी निभाई।

यह विश्व कप इतिहास में दक्षिण अफ्रीका के लिए दूसरे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है और इसी की बदौलत द. अफ्रीका टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 411 रन बनाने में सफल रहा।

यह विश्व कप इतिहास का दूसरा सर्वोच्च योग है। यह दूसरा मौका है जब किसी टीम ने विश्व कप के एक ही संस्करण में 400 या उससे अधिक का स्कोर हासिल किया है। द. अफ्रीका ने इससे पहले 27 फरवरी, 2015 को सिडनी में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच विकेट पर 408 रन बनाए थे।

अमला और इस विश्व कप में अपना पहला शतक लगाने वाले प्लेसिस ने 2007 विश्व कप में अब्राहम डिविलियर्स और जैक्स कैलिस द्वारा इस विकेट के लिए बनाए गए 170 रनों के रिकार्ड को पीछे छोड़ा। इस विकेट के लिए दक्षिण अफ्रीका की ओर से तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी भी अमला और प्लेसिस के ही नाम है। इन दोनों ने 27 फरवरी, 2015 को वेस्टइंडीज के किलाफ 127 रन जोड़े थे।

अमला ने 128 गेंदों का सामना कर 16 चौके और चार छक्के लगाए जबकि प्लेसिस ने 109 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्का लगाया। प्लेसिस का विकेट 259 रनों के कुल योग पर गिरा। प्लेसिस के आउट होने के बाद अमला भी 299 रनों के कुल योग पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान डिविलियर्स (24) ने डेविड मिलर के साथ स्कोर को 300 के पार पहुंचाया।

डिविलियर्स 301 के कुल योग पर एंडी मैकबाइन की गेंद पर रिवर्स स्वीप लगाने के प्रयास में कैच आउट हुए। डिविलियर्स ने नौ गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाया। अमला की विदाई के बाद मिलर और रीले रूसो ने तेजी से रन जुटाए और पांचवें विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी की। यह साझेदारी मात्र 51 गेंदों पर हुई।

रूसो ने 27 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। रूसो ने 30 गेंदों का सामना कर छह चौके और तीन छक्के लगाए जबकि मिलर 23 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 46 रन बनाकर नाबाद लौटे। द. अफ्रीका ने अंतिम 20 ओवरों मे 230 रन जुटाए। आयरलैंड की ओर से मैकब्राइन ने दो विकेट लिए।

दो बार के विश्व चैम्पियन वेस्टइंडीज और फिर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को हराकर धमाकेदार शुरुआत करने वाला आयरलैंड अब्राहम डिविलियर्स की सेना को भी चौंकाने का प्रयास करेगी।

आयरलैंड का यह तीसरा मैच है और इस टूर्नामेंट में अभी तक उसे हार का सामना नहीं करना पड़ा है। ग्रुप-बी की अंकतालिका में वह चार अंकों के साथ तीसरे पायदान पर है।

वहीं, खिताब के प्रबल दावेदार माना जा रहे दक्षिण अफ्रीका को खेले गए तीन मैचों में एक में हार का सामना करना पड़ा है और उसके भी अभी चार अंक है। बेहतर रन रेट के आधार पर द. अफ्रीकी टीम दूसरे स्थान पर है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493