कोलकाता, 8 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि फीफा अंडर-17 विश्व कप जैसे बड़े आयोजन के फाइनल की मेजबानी कोलकाता को मिलना एक बहुत बड़ी बात है और इससे शहर को काफी फायदा होगा।
फीफा विश्व कप का फाइनल 28 अक्टूबर को साल्ट लेक स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत में पहली बार फीफा विश्व कप का आयोजन हो रहा है।
कोलकाता में विश्व कप मैचों को लेकर जबरदस्त उत्साह है और इसके लिए जारी तीसरे चरण की टिकटों की बिक्री पूरी हो चुकी है और सभी टिकट बिक चुके हैं।
बंगाल क्रिकेट संघ में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान ममता ने कहा, “यू-17 विश्व कप का फाइनल कोलकाता में होना हमारे लिए गर्व की बात है। कोलकाता को भविष्य के स्टार खिलाड़ियों के दीदार होंगे। इसके अलावा माराडोना जैसे स्टार भी यहां आकर शोभा बढ़ाएंगे। यह बहुत बड़ी बात होगा। खेल के बगैर जीवन का चक्र पूरा नहीं होता।”
कोलकाता में यू-17 विश्व कप के पांच ग्रुप-ए और एक ग्रुप-ई मैच आयोजित होगा। ग्रुप-ई में जापान और न्यू कालेन्डोनिया की टीमें भिड़ेंगी जबकि ग्रुप-एफ में चिली, इंग्लैंड, मेक्सिको और ईराक की टीमें यहां खेलती नजर आएंगी।
dharmpath.com dharmpath