विश्व कप : लगातार पांचवीं जीत हासिल करने उतरेगा न्यूजीलैंड

नेपियर, 7 मार्च (आईएएनएस)। आईसीसी विश्व कप-2015 के अपने शुरुआती चारों मैच जीत कर पूल-ए में शीर्ष पर बरकरार सह मेजबान न्यूजीलैंड जब रविवार को अपेक्षाकृत कमजोर टीम अफगानिस्तान के खिलाफ मैकलीन पार्क मैदान पर उतरेगा तो उसकी कोशिश लगातार पांचवीं जीत के साथ शीर्ष पर अपनी स्थिति और मजबूत करने की होगी।

दोनों टीमों के बीच यह पहला अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय मैच होगा। न्यूजीलैंड को इसके बाद अपना आखिरी ग्रुप मैच बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है। ऐसे में संभव है कि कीवी टीम अपने सभी मैच जीतते हुए नॉकआउट वर्ग में पहुंचे।

आखिरी मैच में हालांकि आस्ट्रेलिया के खिलाफ न्यूजीलैंड को 152 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अपने नौ विकेट गंवाने पड़े थे लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ कीवी बल्लेबाज जरूर उस खराब प्रदर्शन से बाहर आने की कोशिश करेंगे।

बहरहाल, नॉकआउट मुकाबलों से पहले न्यूजीलैंड के लिए यह एक अभ्यास मैच की तरह होगा।

अफगानिस्तान का भी विश्व कप में यह पांचवां मुकाबला होगा और अब तक मिली केवल एक जीत के साथ वह करीब-करीब नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो गया है। आखिरी मैच में अफगानिस्तान को आस्ट्रेलिया के हाथों 275 रनों के विशाल अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।

न्यूजीलैंड के अनुभवी स्पिन गेंदबाज डेनियल विटोरी के लिए यह मैच अहम होगा। अगर वह यहां दो विकेट और निकालने में सफल होते हैं तो एकदिवसीय में 300 विकेट लेने वाले वह विश्व के 12वें गेंदबाज बन जाएंगे।

टीमें (संभावित) :

न्यूजीलैंड : मार्टिन गुप्टिल, ब्रेंडन मैक्लम (कप्तान), केन विलियमसन, रॉस टेलर, ग्रांट इलियट, कोरी एंडरसन, ल्यूक रोंची (विकेटकीपर), डेनियल विटोरी, एडम मिल्ने, टॉम लाथम, टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट।

अफगानिस्तान : जावेद अहमदी, नवरोज मंगल, उस्मान गनी, असगर स्टानिकजाई, नजीबुल्लाह जादरान, शमिउल्लाह शेनवारी, मोहम्मद नबी (कप्तान), अफसर जाजाई (विकेटकीपर), गुलाबदीन नायब, दौलत जादरान, हामिद हसन, शपूर जादरान।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493