मेलबर्न, 25 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका आईसीसी विश्व कप-2015 के ग्रुप-ए के अपने तीसरे मुकाबले में गुरुवार को मेलबर्न क्रिकेट मैदान (एमसीजी) पर बांग्लादेश से भिड़ेगा।
दोनों ही टीमों का विश्व कप में यह तीसरा मुकाबला होगा। श्रीलंका को पहले मैच में न्यूजीलैंड से 98 रनों की करारी हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ श्रीलंकाई टीम चार विकेट से जरूर जीती, लेकिन वहां भी उसके बल्लेबाजों को विजय के लिए संघर्ष करना पड़ा।
ऐसे में साफ है कि 1996 विश्व कप का चैम्पियन श्रीलंका फिलहाल अपने सर्वश्रेष्ठ लय में नजर नहीं आ रहा। दूसरी ओर, बांग्लादेश ने पहले मैच में अफगानिस्तान पर 105 रनों की बड़ी जीत की, जबकि आस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे मुकाबले में उसे भाग्य का सहारा मिला और बारिश के कारण मैच रद्द होने से एक अंक भी मिला।
विश्व कप के ग्रुप-ए की अंकतालिका में बांग्लादेश अभी श्रीलंका से एक अंक ऊपर है। टूर्नामेंट हालांकि अभी अपने शुरुआती चरण में है और श्रीलंका निश्चित रूप से बांग्लादेश को यहां मात देकर अपने जीत के क्रम को और आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा।
श्रीलंकाई बल्लेबाज कुमार संगकारा का यह 400वां मैच होगा। वह माहेला जयवर्धने तथा सनथ जयसूर्या के बाद 400 मैच खेलने वाले तीसरे श्रीलंकाई खिलाड़ी होंगे।
दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबले की बात करें तो श्रीलंका हमेशा बांग्लादेश पर हावी दिखा है। उसने 37 बार बांग्लादेश पर जीत दर्ज की है जबाकि बांग्लादेश केवल चार बार श्रीलंका को मात दे सका है। बांग्लादेश के साथ विश्व कप मुकाबलों में तो श्रीलंका हमेशा ही विजयी रहा है।
ऐसी खबरे हैं श्रीलंका के जीवन मेंडिस मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से ग्रस्त हैं। ऐसे में उनकी जगह तेज गेंदबाज दुश्मांथा चामिरा को शामिल किया जा सकता है।
बांग्लादेश एमसीजी पर अपना पहला मैच खेलेगा। भारतीय समयानुसार यह मैच सुबह नौ बजे शुरू होगा।
टीम (संभावित) :
श्रीलंका : एंजेलो मैथ्यूज (कप्तान), तिलकरत्ने दिलाशान, कुमार संगकारा (विकेटकीपर), माहेला जयवर्धने, लाहिरु थिरिमाने, दिमुथ करुणारत्ने, दिनेश चांडिमल, सुरंगा लकमल, थिसारा परेरा, नुवान कुलसेकरा, रंगना हेराथ, लसिथ मलिंगा, दुश्मांथा चामिरा।
बांग्लादेश : तमीम इकबाल, अनामुल हक, सौम्य सरकार, महमुदुल्लाह, शाकिब अल हसन, मुशफिकुर रहीम (विकेटकीपर), शब्बीर रहमान, तैजुल इस्लाम, मशरफे मुर्तजा (कप्तान), रुबेल हुसैन, तस्किन अहमद, मोमिनुल हक।
dharmpath.com dharmpath