नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) ने मंगलवार को कोपनहेगेन में आयोजित विश्व चैम्पियनशिप में दो रजत पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों को सम्मानित किया।
एएआई के अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा ने रजत जीतने वाली महिला रिकर्व टीम की सदस्यों-दीपिका कुमारी, रिमिल बुरुले और लक्ष्मीरानी मांझी तथा पुरुष एकल कम्पाउंड स्पर्धा में रजत जीतने वाले रजत चौहान को सम्मानित किया।
इस अवसर पर मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय तीरंदाजों ने देश का नाम रोशन किया है क्योंकि इससे पहले कभी भी विश्व चैम्पियनशिप के एक संस्करण में भारत ने दो पदक नहीं जीते थे।
मल्होत्रा ने बताया कि महिला रिकर्व टीम ने रियो में 2016 में होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए क्वालीफाई भी किया है और इस कारण एएआई की खुशी दोगुनी हो गई है।
रजत ने भारत को पहली बार विश्व चैम्पियनशिप में कम्पाउंड स्पर्धा में कोई पदक दिलाया। भारत पदक तालिका में तीसरे स्थान पर रहा।
विश्व चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाली महिला टीम और रजत जीतने वाले चौहान के अलावा लक्ष्मीरानी मांझी कांस्य पदक मैच हारकर चौथे स्थान पर रहीं।
इसके अलावा मंगल सिंह चंपिया विश्व के छठे वरीयता प्राप्त तीरंदाज बने। अभिषेक वर्मा ने क्वालीफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया लेकिन वह आगे अपने प्रदर्शन को कायम नहीं रख सके।
भारत ने तीसरी बार विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता है। महिली टीम दो बार रजत जीत चुकी है। इसके अलावा 2005 में तरुणदीप रॉय, जयंत तालुकदार और रोबिन हांसदाह की पुरुष रिकर्व टीम ने मेड्रिड विश्व चैम्पियनशिप में रजत जीता था।
dharmpath.com dharmpath