नई दिल्ली, 25 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय टेबल टेनिस टीम अनुभवी अचंत शरत कमल की अगुआई में कुआलाम्पुर में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिए गुरुवार को रवाना हो गई। विश्व चैम्पियनशिप 28 फरवरी से छह मई के बीच खेली जाएगी।
10 सदस्यीय भारतीय टीम में पांच पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं।
यह विश्व चैम्पियशिप टीम प्रतियोगिता है। पिछली बार जापान में हुई इस चैम्पियनशिप में भारत की पुरुष टीम 33वें स्थान पर रही थी जबकि महिला टीम 29वें पायदान पर रही थी।
रवानगी से पहले टीम के खिलाड़ियों ने पटियाला के नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोटर्स में लगाए गए 15 दिन के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया था।
टीम पटियाला में पिछले एक महीने से थी और यहीं से शिलांग में हुए दक्षिण एशियाई खेलों में हिस्सा लेने पहुंची थी।
शरत जर्मनी में अपनी तैयारी कर रहे थे। वह सीधे जर्मनी से पटियाला पहुंचे थे। उन्होंने शिलांग में दक्षिण एशियाई खेलों में हिस्सा नहीं लिया था। विश्व चैम्पियनशिप को लेकर वह काफी सकारात्मक दिखे।
उन्होंने कहा, “मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं और अच्छी लय में हूं। विश्व चैम्पियनशिप में हमारा मकसद चैम्पियंस डिवीजन में जगह बनाना है। इसके बाद हम कुछ और सोचेंगे।”
टीम के कोच भवानी मुखर्जी ने कहा, “खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत की है। वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे।”
टीम :
पुरुष : अचंत शरत कमल, एंथॉनी अमलराज, सौम्यजीत घोष, हरमीत देसाई, जी.साथीयन।
महिला : मनिका बत्रा, मोउमा दास, के.शामिनी, पूजा सहस्त्रबुद्धे, मधुरिका पाटकर।
dharmpath.com dharmpath