विश्व टेटे : पुरुषों ने किया निराश, महिलाओं ने मारी बाजी

कुआलालंपुर, 1 मार्च (आईएएनएस)। विश्व टेबल टेनिस चैम्पिनशिप में मंगलवार को भारतीय पुरुषों ने निराश किया तो वहीं महिलाओं ने अगले दौर में जगह बनाई।

भारतीय पुरुषों को ग्रुप-एफ में तीसरे दौर में नाइजीरिया ने 0-3 से हराया। वहीं महिलाओं ने पुर्तगाल को 3-0 से हराकर चौथे दौर में जगह बनाई।

दो लगातार जीत के बाद भारतीय पुरुषों को हार झेलनी पड़ी।

भारत के सौम्यजीत घोष, अरुण कादरी के खिलाफ पहला मैच हार गए। कादरी ने उन्हें 5-11, 4-11, 3-11 से शिकस्त दी।

भारत के अचंत शरथ कमल ने हालांकि अच्छा खेल दिखाया लेकिन वह हार को टाल नहीं सके। उन्हें सेगुन टोरिओला ने 13-15, 6-11, 13-11, 5-11 से हराया।

भारत के दो मैच गंवाने के बाद वापसी मुश्किल थी। अगला मैच खेलने उतरे एंथॉनी अमलराज ने जीतने की हर संभव कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके। उन्हें नाइजीरिया के खिलाड़ी ने 13-11, 8-11, 9-11, 8-11 से शिकस्त दी।

भारत को अभी भी अपने ग्रुप में बुधवार को स्विट्जरलैंड और गुरुवार को स्लोवाकिया के खिलाफ दो मैच खेलने हैं।

दूसरी तरफ भारतीय महिलाओं ने अपनी जीत का क्रम जारी रखते हुए पुर्तगाल पर जीत दर्ज की।

मानिका बत्रा ने पहले मैच में लेइला ओलिवेरिरा के खिलाफ खेलते हुए भारत को जीत दिलाई। दोनों ने रक्षात्मक रवैया अपनाया। दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्णायक गेम में मानिका ने जीत दर्ज की। उन्होंने लेइला को 11-5, 7-11, 11-8, 9-11, 11-9 से हराया।

दूसरा मैच खेलने उतरी मौमा दास को बढ़त का लाभ मिला। उन्होंने अपने पिछल मैच के बुरे प्रदर्शन को पीछे छोड़ शानदार खेल दिखाया। उन्होंने काटिअ मार्टिस को 11-5, 11-9, 11-6 से हराया।

के. शामिनि ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी और पाट्रिसिअ मासिएल को 11-1, 11-4, 11-9 से हराकर जीत दर्ज की।

भारतीय महिलाओं को अगला मैच नाइजीरिया के खिलाफ खेलना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493