विश्व प्रसिद्ध वस्तुओं की प्रतिकृतियां प्रदर्शित

jagad guru-1भक्तिधाम मनगढ़ (उप्र), 4 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के भक्तिधाम मनगढ़ में सोमवार को जगतगुरु कृपालु परिषत् की ओर से नौवीं शैक्षिक प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसमें विश्व प्रसिद्ध वस्तुओं एवं स्थलों की प्रतिकृतियां (मॉडल) प्रदर्शित की गईं। पिछड़े क्षेत्र से आईं स्कूल व कालेज की छात्राओं ने 169 प्रोजेक्ट पेश किए, जिन्हें दर्शकों ने सराहा।

शैक्षिक प्रदर्शिनी में कृपालु बालिका इंटरमीडिएट कालेज की छात्राओं द्वारा विभिन्न विषयों पर तैयार प्रोजेक्ट पेश किए गए, जिनमें प्रमुख रूप से विश्व के शक्तिशाली व्यक्ति, विश्व के प्रसिद्ध अस्पताल, विश्व के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल, विश्व के प्रसिद्ध पुल, डिज्नी के प्रसिद्ध चरित्र, भारत के प्रसिद्ध उपभोक्ता ब्राण्ड, समुद्री जीवन व विषाणु जनित घातक रोगों को शामिल किया गया है।

इसके अलावा कृपालु बालिका प्राइमरी स्कूल की छात्राओं ने मनोरंजन पार्क, इंडोर खेल, लोकप्रिय भारतीय व्यंजन, नापने के उपकरण, वायु-वाहनों के प्रकार, घरेलू उपकरण, प्राकृतिक रेशे विषयों पर प्रोजेक्ट तैयार किए थे, जो प्रदर्शित किए गए।

प्रदेश के एक निहायत ही पिछड़े क्षेत्र से आने वाली छात्राओं ने शैक्षिक प्रदर्शिनी में कृपालु बालिका इंटरमीडिएट कालेज एवं कृपालु बालिका प्राइमरी स्कूल की 600 छात्राओं ने 169 प्रोजेक्टों का निर्माण किया, जिसकी लोगों ने तारीफ की।

प्रदर्शिनी में जगद्गुरु कृपालु परिषद् की अध्यक्षा डॉ.विशाखा त्रिपाठी, डॉ.श्यामा त्रिपाठी एवं डॉ.कृष्णा त्रिपाठी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

गौरतलब है कि कृपालु शिक्षा परिषत् द्वारा संचालित इन बालिका विद्यालयों में प्राइमरी से लेकर परास्नातक तक की शिक्षा पूर्णतया मुफ्त प्रदान की जाती है। इन विद्यालयों में सामान्य कोर्स के अलावा बीएड, एमबीए जैसे प्रोफेशनल कोर्स भी चलाए जाते हैं, जहां लगभग 5000 छात्राएं शिक्षा ग्रहण करती हैं।

इन छात्राओं को उनके घर से लाने और पहुंचाने का कार्य भी परिषत् द्वारा ही किया जाता है। इसके अलावा पठन-पाठन की संपूर्ण सामग्री भी छात्राओं को उपलब्ध कराई जाती है।

बालिका शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य के लिए जगदगुरु कृपालु परिषत् को कई पुरस्कार- जैसे राजीव गांधी ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड, नेल्सन मंडेला पीस पुरस्कार, नारी टुडे अवार्ड, मदर टेरेसा एक्सीलेंस अवार्ड एवं आशाएं संस्था की ओर से भी पुरस्कार प्रदान किया जा चुका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493