नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को देश की नारी शक्ति को बधाई दी है। यह दिवस प्रतिवर्ष आठ मार्च को मनाया जाता है।
राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, “अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मैं भारत और विश्व की सभी महिलाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। भारतीय महिलाओं की कई पीढ़ियों ने अपनी अतुलनीय दया, सहनशीलता और कठिन परिश्रम से देश के विकास और प्रगति में अमूल्य योगदान दिया है।”
उन्होंने कहा, “भारत सरकार ने उनके सशक्तिकरण तथा राष्ट्र निर्माण में समान भागीदारी के लिए ऐतिहासिक अधिनियम लागू किए हैं और दूर²ष्टि के कई कार्यक्रम शुरू किए हैं। कन्या भ्रूणहत्या रोकने के लिए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ एक महत्वपूर्ण पहल है और इससे देश की बालिकाओं के लिए शैक्षिक अवसर उपलब्ध होते हैं।”
राष्ट्रपति ने कहा, “मैं भारत के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे लैंगिक समानता और सही मायने में महिला सशक्तीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराएं। साथ ही महिलाओं की सभी आकांक्षाएं पूरी करने और उनकी सुरक्षा, सम्मान तथा समानता के लिए हर संभव सहायता करने का प्रयास करें, जो कि उनके अधिकार हैं।”
dharmpath.com dharmpath