भोपाल, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार 10 सितम्बर से शुरू हो रहे तीन दिवसीय 10वें विश्व हिंदी सम्मेलन का उद्घाटन करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आयोजन स्थल पर पहुंच गए हैं। उद्घाटन मंच पर प्रधानमंत्री के अलावा विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अन्य अतिथि मौजूद हैं।
विश्व हिंदी सम्मेलन के आयोजन स्थल लाल परेड मैदान माखनलाल चतुर्वेदी नगर में बदल चुका है। मुख्य आयोजन रामधारी सिंह दिनकर सभागार में हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी सुबह 9.30 बजे वायु सेना के विशेष विमान से भोपाल पहुंचे। स्टेट हेंगर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी माखनलाल चतुर्वेदी नगर पहुंचे। वे सम्मलेन के शुभारंभ और यहां लोगों को संबोधित करने के बाद दोपहर 12 बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
विश्व हिंदी सम्मेलन के कारण भोपाल को हिंदी के रग में रंगने की कोशिश की गई है। हर तरफ हिंदी सम्मेलन और प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीरों वाले होर्डिग, बैनर और कट आउट नजर आ रहे हैं। सड़कों पर भारी सुरक्षाबल तैनात है और सड़क मार्ग परिवर्तित किए गए हैं।
इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए देश-विदेश के पांच हजार प्रतिनिधियों के यहां पहुंचने की संभावना है। बड़ी संख्या में हिंदी के विद्वान यहां पहुंच चुके हैं। यह सम्मेलन 12 सितम्बर तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न विषयों पर विमर्श होगा। समापन समारोह का आकर्षण महानायक अमिताभ बच्चन होंगे।
dharmpath.com dharmpath