बड़वानी, 15 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में वाट्सएप ग्रुप पर धार्मिक भावनाएं भड़काने वाला मैसेज डालने वाले विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिला उपाध्यक्ष संजय भवसार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सेंधवा क्षेत्र के पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) सुनील जौली ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि भवसार ने मंगलवार को वाट्सएप के जरिये धार्मिक भावनाएं भड़काने का एक संदेश जारी किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर देर रात भवसार को गिरफ्तार कर लिया।
भवसार बलवाड़ी गांव के रहने वाले हैं। उनकी गिरफ्तारी के विरोध में विहिप ने बलवाड़ी गांव में बुधवार को बाजार बंद का ऐलान किया। एसडीओ के अनुसार, बंद की घोषणा जरूर की थी, लेकिन बंद सफल नहीं रहा।
dharmpath.com dharmpath