वेंकैया, गोपाल गांधी ने उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन भरा (लीड-1)

नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार एम.वेंकैया नायडू तथा विपक्ष समर्थित उम्मीदवार गोपाल कृष्ण गांधी ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। मतदान पांच अगस्त को होगा।

नामांकन पत्रों की जांच बुधवार को होगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एम. वेंकैया नायडू ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना नामांकन-पत्र दाखिल किया। इस मौके पर राजग के कई शीर्ष नेता मौजूद थे।

नामांकन के वक्त नायडू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कई कैबिनेट मंत्रियों जैसे अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, प्रकाश जावड़ेकर, पार्टी के दिग्गज नेता लाल कृष्ण आडवाणी व मुरली मनोहर जोशी मौजूद थे।

वहीं, राजग नेताओं में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राम विलास पासवान, शिवसेना के संजय राउत व आनंदराव अडसुल, शिरोमणि अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल, रिपब्लिकन पार्टी के रामदास आठवले तथा ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के वी.मैत्रेयन मौजूद थे।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा), तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव की टीआरएस और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वम की अगुवाई वाले एआईएडीएमके के गुट ने पांच अगस्त को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में राजग उम्मीदवार नायडू को समर्थन देने की घोषणा की है।

वहीं महात्मा गांधी के पोते तथा पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल गोपाल कृष्ण गांधी ने भी अपना नामांकन दाखिल किया।

उनके साथ पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद तथा मल्लिकार्जुन खड़गे मौजूद थे।

इसके अलावा, जनता दल (युनाइटेड) के शरद यादव, मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सीताराम येचुरी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के तारिक अनवर व प्रफुल्ल पटेल, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के डी.राजा, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) की कनिमोझी, तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओब्रायन, बहुजन समाज पार्टी (सपा) के सतीश चंद्र मिश्रा, नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के फारूख अब्दुल्ला भी गोपाल गांधी के साथ मौजूद थे।

नामांकन-पत्र दाखिल करने के बाद नायडू ने उन्हें समर्थन देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।

नायडू ने कहा, “मैं नरेंद्र मोदी, (भाजपा अध्यक्ष) अमित शाह और एआईएडीएमके, तेलंगाना राष्ट्र समिति, वाईएसआर कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय लोक दल सहित राजग के सभी घटक दलों का आभारी हूं, जिन्होंने मुझे समर्थन दिया है। मुझे कुछ अन्य मित्रों से भी समर्थन मिलने की उम्मीद है।”

वेंकैया ने कहा कि उन्हें प्रचार करने की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सभी सांसद जो वोट देने वाले हैं, वे उन्हें बहुत अच्छी तरह से जानते हैं।

वही, नामांकन दाखिल करने के बाद गोपालकृष्ण गांधी ने कहा कि वह राजनीति व नागरिकों के बीच खाई को कम करने का प्रयास करेंगे।

शिवसेना ने आरोप लगया है कि गांधी ने मुंबई बमकांड के दोषी याकूब मेमन की फांसी का विरोध किया था। इस पर गांधी ने कहा, “मुझे लगता है कि मृत्युदंड मध्ययुगीन काल की सजा है। मेरे विचार महात्मा गांधी तथा डॉ.भीमराव अंबेडकर से प्रेरित हैं।”

उपराष्ट्रपति का चुनाव संसद के दोनों सदनों के सदस्यों को मिलाकर बने निर्वाचक मंडल से होता है। इसमें मनोनीत सदस्य भी शामिल होते हैं।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने पहचान जाहिर न करने की शर्त पर कहा कि नायडू को कम से कम 530 वोट आसानी से मिल जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493