पणजी, 20 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने रविवार को चीन ओपन खिताब जीतने पर देश की अग्रणी बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु की जमकर तारीफ की।
उल्लेखनीय है कि ओलम्पिक रजत पदक विजेता सिंधु ने रविवार को चीन ओपन के महिला एकल वर्ग के फाइनल मैच में चीन की सुन यू को संघर्षपूर्ण मुकाबले में हराते हुए अपने करियर का पहला सुपरसीरीज खिताब जीता।
नायडू ने यहां 47वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद कहा, “सिंधु ने अपने करियर का पहला सुपरसीरीज खिताब जीत लिया है। आईए हम सब उनकी इस सफलता पर ताली बजाकर और खड़े होकर उन्हें उस सम्मान के लिए बधाई दें, जिसे उन्होंने देश के लिए अर्जित किया है।”
फिल्म महोत्सव के उद्घाटन समारोह का थीम भी महिला केंद्रित था, जिसमें भारतीय सिनेमा में महिलाओं के योगदान को रेखांकित किया गया।
उधर सिंधु ने सुन यू को तीन गेम तक खिंचे फाइनल मुकाबले में 21-11, 17-21, 21-11 से हराते हुए खिताब जीता।
dharmpath.com dharmpath